थाना प्रभारी के वाहन से भिड़ा रेत से भरा ट्रैक्टर, गंभीर रुप से घायल थाना प्रभारी व आरक्षक झांसी आईसीयू में भर्ती

एसपी व एएसपी ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

दतिया । शनिवार आधी रात करीब 12 बजे रेत से भरे एक ट्रैक्टर ट्राली ने चिरूला थाना प्रभारी भूमिका दुबे के वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि थाना प्रभारी भूमिका दुबे व उनके साथ आरक्षक चालक राजीव वर्मा दोनों ही घटनास्थल पर बेहोश हो गए। जबकि पुलिस वाहन के सामने का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। वायरलैस सेट पर मैसेज के बाद वाहन में लगे जीपीएस की मदद से पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।

जहां से गंभीर घायल भूमिका दुबे को तत्काल झांसी के अस्पताल में भर्ती कराया गया। सिर में चोट होने के कारण थाना प्रभारी भूमिका दुबे को झांसी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है। जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। घटना के बाद सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी झांसी पहुंच गए थे। पुलिस ने घटना स्थल से भाग निकले ट्रैक्टर ट्राली को ठंडी सड़क से पकड़कर जप्त कर लिया है। उसका चालक फरार बताया जाता है।

एसडीओपी सुमित अग्रवाल ने बताया कि स्थानीय बडौनी मार्ग और हाई-वे के डिवाइडर पर गलत साइड से आ रहे रेत से भरे ट्रैक्टर ट्राली ने चिरूला थाना प्रभारी भूमिका दुबे के वाहन को उस समय जोरदार टक्कर मार दी जब वह पेट्रोलिंग पर थी। इस हादसे में उनके सिर में गंभीर चोटे आई है। उसीके साथ वाहन चालक भी गंभीर घायल हुआ है। दोनों को रात में ही झांसी इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। अभी थाना प्रभारी की हालत गंभीर है और वे आईसीयू में एडमिट है। आरक्षक भी गंभीर रूप से घायल हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य भी घटनास्थल पर पहुंच गए थे। भूमिका की गंभीर हालत को देखते हुए पूरी रात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मौर्य भी झांसी अस्पताल में रुके रहे। सुबह रविवार को दतिया वापस लौटे सके। इसके बाद पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड भी झांसी पहुंचे। जहां उन्होंने भूमिका दुबे और आरक्षक राजीव वर्मा के हालचाल जाना।

जानबूझकर टक्कर मारने जैसे कोई मामला नहीं

एसडीओपी सुमित अग्रवाल ने बताया है कि वह ट्रैक्टर ट्रॉली जो रेत से भरी थी गलत साइड से आ रही थी। इसके चलते यह दुर्घटना हुई है। ट्रैक्टर ट्राली के चालक ने जानबूझकर टक्कर मारी हो, ऐसी कोई बात नहीं है। नेशनल हाईवे 75 पर बडौनी की ओर जाने वाले मार्ग पर लोगों ने अपनी सुविधा के लिए डिवाइडर को तोड़ दिया है और गलत तरीके से हाई-वे को क्रॉस करते हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक इस घटना के बाद मौका मुआयना करने रविवार को सुबह वहां पहुंचे और इसे ठीक करने के निर्देश दिए।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter