दतिया (सेवढ़ा)। विजयादशमी के पावन पर्व पर प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां रतनगढ़ वाली के दर्शन कर गृहग्राम लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ मंगलवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। भगुवापुरा मार्ग पर स्थित अतरेटा मोड़ के समीप सामने से आ रहे वाहन को रास्ता देने के प्रयास में अनियंत्रित होकर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में ट्रॉली में सवार कुल 23 श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और राहत कार्य शुरू कराया।
सभी घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से सिविल अस्पताल सेवढ़ा पहुंचाया गया। प्राथमिक जांच और मरहम-पट्टी के बाद चिकित्सकों ने 13 गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को बेहतर इलाज के लिए चार एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल दतिया रेफर कर दिया, जबकि सामान्य रूप से चोटिल अन्य 10 लोगों को प्राथमिक उपचार के उपरांत छुट्टी दे दी गई।
झांसी के बरेठा गांव से दर्शन करने आया था परिवार : प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के झांसी जिले अंतर्गत आने वाले ग्राम बरेठा के ग्रामीण विजयादशमी के उपलक्ष्य में एक साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर रतनगढ़ धाम पहुंचे थे:
अतरेटा मोड़ पर हुआ हादसा: मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना और माता के दर्शन करने के बाद सभी लोग वापस अपने गांव बरेठा लौट रहे थे। भगुवापुरा से कुछ ही दूरी पर स्थित अतरेटा के तीखे मोड़ पर सामने से एक दूसरा ट्रैक्टर आ गया।
बैलेंस बिगड़ने से पलटी ट्रॉली: संकरे मार्ग पर सामने वाले वाहन को सुरक्षित साइड देने के चक्कर में चालक ने जैसे ही स्टेयरिंग मोड़ा, ट्रैक्टर से ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और वह झटके के साथ सड़क पर पलट गई। हादसे के वक्त ट्रॉली में महिला-पुरुष और बच्चे सवार थे।
13 घायलों को दतिया रेफर किया गया, सभी की स्थिति स्थिर : सेवढ़ा सिविल अस्पताल में तैनात डॉक्टरों की टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को त्वरित चिकित्सीय सुविधा मुहैया कराई।
चिकित्सकीय परामर्श के आधार पर जिला अस्पताल दतिया रेफर किए गए घायलों में हरदेवी, मनीषा, रामवती, ममता, संतोष, रामभरोसे, चेतराम, विद्यादेवी, अंगूरी देवी, कैलाश, काशीराम, कोमल एवं चाहत शामिल हैं। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, समय पर प्राथमिक उपचार और एंबुलेंस मिलने से सभी घायलों की हालत स्थिर बनी हुई है और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

