दुकानों पर टूटकर गिरा पेड़ : लोगों की जान आफत में आई, मच गई भगदड़ बिजली पोल क्षतिग्रस्त

Datia news : दतिया। लगातार तेज बारिश का असर शहर सहित पूरे अंचल में है। जिसके चलते कई जगह कच्चे मकान ढहने की खबर है। वहीं लांच तिराहे पर एक पुराना पीपल का बड़ा पेड़ बारिश के चलते अचानक धराशाई हो गया। पेड़ जिस जगह गिरा वहां कई दुकानें बनी हुई हैं।

ऐसे में दुकानों पर लोग भी मौजूद थे। दुकानों पर पेड़ गिरते ही वहां भगदड़ की स्थिति बन गई। लोग अपनी जान बचाकर सुरक्षित स्थान पर भागते हुए नजर आए।

वहीं पेड़ गिरने के कारण पास ही लगे बिजली पोल भी क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत यह रही कि उस दौरान बिजली सप्लाई बंद थी, अन्यथा बड़ा हादसा घटित हो जाता।

पेड़ गिरने के कारण वहां बनी दुकानों को नुकसान हुआ है। मौके पर बचाव कार्य के लिए संबंधित थाना पुलिस भी पहुंच गई। जहां दुुकान के अंदर फंसे कुछ लोगों को भी बाहर निकलने में मदद की गई।

इधर गुरुवार से शुरु हुआ तेज बारिश का दौर शुक्रवार को भी जारी रहा। जिसके चलते शहर की अधिकांश कालौनियां व निचली बस्तियों में बाढ़ जैसे हालत पैदा हो गए।

घरों में पानी भर जाने के कारण वहां घर गृहस्थी का सामान पानी में तैरता नजर आया। करन सागर सहित अन्य तालाब भी मूसलाधार बारिश के कारण लबालब हो गए। जिनका पानी बहकर सड़कों तक पहुंच गया।

करन सागर तालाब फूटने जैसी स्थिति की खबर पाकर एसडीएम सहित नपा अमले ने मौके पर पहुंचा। वहां का जायजा लिया गया। ताकि आसपास की बस्ती में पानी पहुंचने जैसी स्थिति न बनें।

वहीं लाला का ताल, तरन ताल और रामसागर में भी जलस्तर बढ़ने लगा है। पुरानी कलेक्ट्रेट में भी बारिश के कारण जलभराव होने से वहां का परिसर मिनी तालाब के रुप में नजर आया।

बारिश के पानी में नाव चलाने का वीडियो हुआ वायरल : इंदरगढ़ के वार्ड क्रमांक 11 में संतोषी माता मंदिर के पास भारी जलभराव के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया।

जलभराव की समस्या को दिखाने के लिए वहां के एक युवक ने इस पानी में नाव चलाते हुए एक वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया। जिसके बाद स्थानीय प्रशासन के कान खड़े हुए और मौके पर बेकोह मशीन लेकन अधिकारी पहुंचे। जहां नाला खुलवाने के साथ जलनिकासी की व्यवस्था कराई गई।

पिछले 24 घंटे में करीब 107.80 एमएम बारिश से नदियों का भी जलस्तर बढ़ गया। मडीखेड़ा बांध से 900 क्यूमेक्स से अधिक पानी सिंध में छोड़ा गया। जिससे सिंध किनारे बसे गांवों में अलर्ट कराया गया। ताकि लोग नदी के पास न जाएं।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter