चुनाव में पानी की तरह बहा पैसा,तृणमूल ने बंगाल चुनाव में प्रचार पर किए 154 करोड़ रुपये से अधिक खर्च

नई दिल्ली : बंगाल में जबर्दस्त बहुमत के साथ सत्ता में लौटने वाली तृणमूल कांग्रेस ने राज्य में इस साल हुए विधानसभा चुनाव में प्रचार पर 154.28 करोड़ रुपये खर्च किए। तमिलनाडु में चिर प्रतिद्वंद्वी अन्नाद्रमुक से सत्ता छीनने वाली द्रमुक ने राज्य के साथ-साथ केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में चुनाव प्रचार पर 114.14 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए।

चुनाव आयोग को इन पार्टियों द्वारा सौंपे गए चुनाव व्यय विवरण में यह जानकारी दी गई है। आयोग ने राजनीतिक दलों के इन खर्चों का विवरण सार्वजनिक किया है। चुनाव से पहले तमिलनाडु में सत्ता पर काबिज अन्नाद्रमुक ने विधानसभा चुनावों में प्रचार पर 57.33 करोड़ रुपये खर्च किए। इसमें पुडुचेरी विधानसभा चुनाव में प्रचार पर किया गया खर्च भी शामिल है।

असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु एवं बंगाल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 84.93 करोड़ रुपये प्रचार पर खर्च किए। इसी प्रकार भाकपा ने चार राज्यों एवं एक केंद्र शासित प्रदेश में चुनाव प्रचार पर 13.19 करोड़ रुपये खर्च किए। तृणमूल कांग्रेस, भाकपा और कांग्रेस मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय पार्टी हैं, जबकि द्रमुक एवं अन्नाद्रमुक की मान्यता क्षेत्रीय दल के रूप में है। भाजपा द्वारा इन राज्यों में विधानसभा चुनाव में प्रचार पर किया गया खर्च अब तक उपलब्ध नहीं हो पाया है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter