नई दिल्ली : इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म ट्विटर ने अपने भारत प्रमुख मनीष महेश्वरी का अमेरिका ट्रांसफर कर दिया है। नफरत फैलाने वाले एक कथित अपराध के वीडियो से संबंधित जांच के सिलसिले में उनके खिलाफ उत्तर प्रदेश में एफआइआर भी दर्ज की गई थी। ट्विटर ने महेश्वरी के ट्रांसफर का कोई कारण नहीं बताया है।
कंपनी का कहना है कि वह सीनियर डायरेक्टर (रिवेन्यू स्ट्रैटजी एंड आपरेशंस) के तौर पर अमेरिका जाएंगे और अपनी नई भूमिका में नए बाजार पर फोकस करेंगे। ट्विटर के वाइस प्रेसीडेंट (जापान एंड एशिया पैसिफिक) यू सासामोटो ने एक ट्वीट में यह जानकारी साझा की। कंपनी ने यह भी नहीं बताया कि महेश्वरी के अमेरिका ट्रांसफर के बाद भारत में उनका स्थान कौन लेगा। ट्विटर से पहले महेश्वरी नेटवर्क18 डिजिटल के सीईओ थे।
वह फ्लिपकार्ट और पी एंड जी जैसी कंपनियों में भी काम कर चुके हैं। याद दिला दें कि नए सूचना प्रौद्योगिकी नियमों के अनुपालन में देरी और हाई प्रोफाइल यूजर्स के ट्वीट्स व अकाउंट्स पर विभिन्न कार्रवाइयों को लेकर ट्विटर को पिछले कई महीनों से आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है।


