Datia news : दतिया । विधानसभा चुनाव की सरगर्मी बढ़ गई हैं। एक तरफ जहां दावेदार अपने टिकट के लिए जुगत भिड़ाने में जुटे हैं। वहीं प्रशासनिक स्तर पर चुनाव संपन्न कराने की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाने लगा है। इस बार विधानसभा क्षेत्र 22 दतिया में कुल 2 लाख 20 हजार 505 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। जिसमें पुरूष 1 लाख 16 हजार 230, महिला 1 लाख 4 हजार 260 एवं अन्य 15 शामिल हैं।
वहीं विधानसभा क्षेत्र 20 सेवढ़ा में कुल मतदाता 1 लाख 92 हजार 128 है। जिसमें पुरूष 1 लाख 2 हजार 570, महिला 89 हजार 554 एवं अन्य 4 हैं। 21 भांडेर (अजा) में कुल मतदाता 1 लाख 90 हजार 136 हैं। जिसमें पुरूष 1 लाख 746, महिलाएं 89 हजार 385 एवं अन्य 5 हैं।
मतदाताओं का नाम जुड़ने की प्रक्रिया जारी : अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय ने न्यू कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में स्टेडिंग कमेटी की बैठक में जानकारी दी कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण का प्रकाशन किया जा चुका है।
मतदाता सूची में नामों के होने या ना होने की संभावना है तो आदर्श आचार संहिता लगने के पूर्व एवं सूची का दो दिवस के अंदर अवलोकन करने के तत्काल बाद लिखित रूप से निर्वाचन कार्यालय को अवगत कराया जा सकता है।
इस मौके पर नोडल निर्वाचन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दतिया कमलेश भार्गव, उपजिला निर्वाचन अधिकारी भूमिजा सक्सेना, एसडीएम दतिया ऋषि कुमार सिंघई सहित सभी राजनैतिक पार्टी द्वारा नियुक्त पदाधिकारी आदि उपस्थित रहे।
पार्टियों के सदस्यों दी गई सीडी : अपर कलेक्टर उपाध्याय ने बताया कि जिला प्रशासन चाहता है कि जिले की तीनों विाधनसभा क्षेत्रों में निर्वाचन पूर्ण रूप से निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक सम्पन्न हो। उन्होंने कहाकि चुनाव आचार संहिता लगने के पूर्व ही सभी तैयारियां पूर्ण कराने की पूरी कोशिश रहे है।
इसीके तहत् सभी विधानसभा क्षेत्र में नगर पालिका अधिकारियों को चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। जिससे शीघ्र ही वह अपनी कार्यवाही कर सकें। बैठक के बाद संबंधित पार्टियों के आए सदस्यों को सूची एवं सीडी भी उपलब्ध कराई गई।


