जमीन विवाद को लेकर उदगुवां में दो पक्ष भिड़े : लाठी-डंडे चलने से 9 लोग घायल, पुलिस जांच में जुटी

Datia News : दतिया। जमीन विवाद को लेकर बुधवार को ग्राम उदगुवां में खूनी संघर्ष हो गया। इस संघर्ष में 2 पक्षों के बीच जमकर लाठी चली। जिसमें करीब 9 लोग घायल हो गए। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां घायलों में 2 की हालत गंभीर बताई जाती है। पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है।

जिगना थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र के ग्राम उदगुवां में जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा था। इसीको लेकर बुधवार सुबह जब एक पक्ष के लोग गांव में मंदिर से दर्शन कर घर लौट रहे थे, तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। इस बात को लेकर विवाद हो गया।

जिसके बाद दोनो पक्ष के लोग लाठी लेकर आमने सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि लाठियों से मारपीट शुरू हो गई। लाठी डंडों के साथ धारदार हथियार भी चले। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा तफर मच गई। ग्रामीणों ने बीच-बचाव करने का प्रयास भी किया। इसी दौरान पुलिस को भी घटना के बारे में सूचना दी गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वहां घायल मिले दोनों पक्षों के लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक इस विवाद में एक पक्ष के महेंद्र मिश्रा, मुकेश मिश्रा, अरुण मिश्रा और रामजी मिश्रा घायल है।

वहीं दूसरी पक्ष से मुन्ना पाठक, अशोक पाठक, अवधेश पाठक, शैलेश पाठक और लालाराम पाठक घायल है। घायलों में महेंद्र मिश्रा और अरुण मिश्रा को गंभीर चोटें आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter