दतिया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार ने त्रि-स्तरीय पंचायतों के निर्वाचन के लिए मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही बरतने एवं आदेशों की अवहेलना करने के आरोप में हाईस्कूल सलेतरा के माध्यमिक शिक्षक आनंद स्वरूप यादव एवं शासकीय प्राथमिक कन्या विद्यालय सेवढ़ा के शिक्षक त्रिलोकीनाथ शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन काल में इनका मुख्यालय निर्वाचन कार्यालय (स्थानीय निर्वाचन) दतिया रहेगा।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में उल्लेख है कि त्रि-स्तरीय पंचायतों के निर्वाचन के लिए मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण कार्य के लिए हाईस्कूल सलेतरा के माध्यमिक शिक्षक श्री आनंद स्वरूप यादव की ग्राम पंचायत सलेतरा में एवं त्रिलोकीनाथ शर्मा की वार्ड नम्बर 12 के मतदान केन्द्र संख्या 22 पर ड्यूटी लगाई गई थी। लेकिन शिक्षकों द्वारा पुनरीक्षण कार्य से संबंधित सामग्री प्राप्त न करने एवं निर्वाचन नामावली सामग्री प्राप्त न करने और वरिष्ठ अधिकािरयों के आदेशों की अवेहलना करने पर उनके विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी भांडेर एवं तहसीलदार सेवढ़ा द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर की गई है।
