स्टेट हाइवे पर एक घंटे में पलटे दो ट्रैक्टर ट्राली : दो ट्रालियां लगाकर ट्रैक्टर दौड़ा रहे थे चालक, 24 लोग घायल

Datia news : दतिया। रतनगढ़ माता मंदिर पर जवारे चढ़ाकर लौट रहीं दो ट्रैक्टर ट्रालियां अलग-अलग जगह हादसे का शिकार हो गई। ट्रालियों में सवार करीब दो दर्जन लोग इस हादसे में घायल हो गए। घायलों में महिला और बच्चे भी शामिल हैं। ट्रैक्टर ट्राली पलटने की दोनों घटनाएं मात्र एक घंटे के अंतराल में ही घटित हो गई। जिसके कारण थरेट थाना क्षेत्र की पुलिस को काफी मशक्कत करना पड़ी।

शुक्रवार शाम रतनगढ़ माता मंदिर पर जवारे चढ़ाकर लौट रहीं श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली पलटने की पहली घटना शाम को चीना बंबा के निकट साला मंदिर के पास घटित हुई। वहीं दूसरी घटना यहां से दस किमी दूर सेवढ़ा दतिया रोड पर ही सेंगुवां-सेंथरी के बीच घटी। दोनों घटनाओं के बीच कुछ समय का ही अंतर रहा।

इधर ट्रैक्टर ट्राली पलट जाने से सड़क पर पड़े घायलों के साथ मौजूद लोगों में चीख पुकार मच गई। इसके कारण दोनों ओर का आवागमन भी थम गया।माैके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंसों की मदद से दोनों जगह के घायलों को सेवढ़ा और इंदरगढ़ अस्पताल भिजवाया।

Banner Ad

झांसी उप्र से रतनगढ़ आए थे श्रद्धालु : शुक्रवार की शाम लगभग पांच बजे उप्र झांसी जिले के ग्राम आरी के लोग जवारे चढ़कर लौट रहे थे। ट्रोली में लगभग 50 लोग सवार थे। वह माता मंदिर से लगभग 30 किमी दूर जब दतिया सेवढ़ा स्टेट हाइवे से गुजरी तो शाला के समीप अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह अनियंत्रित होकर पलट गया।  ट्रैक्टर चालक द्वारा ओवरटेक करने का प्रयास किया गया, जिसके कारण वह आगे जाकर नियंत्रण खो बैठा और ट्राली पलट गई। ट्रोली मुख्य सड़क पर पलटी।

इसलिए घायलों की मदद के लिए राहगीर और आसपास के लाेग भी पहुंच गए। सूचना मिलते ही थाना थरेट प्रभारी अनाफसुल हसन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को सिविल अस्पताल सेवढ़ा पहुंचाया।

घायलों में फूलवती पत्नी हीरालाल, रेखा पत्नी शोभाराम, श्यामकुंअर पत्नी जुगराज, अंजलि पत्नी नवल किशोर, सुनीता पत्नी प्रमोद, अंशिका पुत्री प्रमोद, हेमलता पुत्री नवल किशोर, पार्वती पत्नी सियाशरण, प्रेमवती पत्नी उदयराम, माही पुत्री दीपक, रोशनी पत्नी शैलेंद्र को चोटें आईं। जबकि आसानी पुत्री राजकुमार, गीता पत्नी करनसिंह को फ्रैक्चर की संभावना को देखते हुए उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया।

एक घंटे बाद हो गया दूसरा हादसा : इसी दौरान घटना लगभग एक घंटे बाद साढ़े पांच बजे सेंगुवा के सामने स्टेट हाइवे पर हुई। इसमें भी ट्रैक्टर ट्रोली पलट गई। इस ट्रैक्टर ट्राली में सवार सभी लोग शिवपुरी जिले के करैरा थाना क्षेत्र के ग्राम वनगुवां निवासी थे। सूचना मिलने पर एक बार फिर थाना प्रभारी हसन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

इस दौरान घायलों को इंदरगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। गनीमत यह रही कि दोनों ही घटना में किसी के अधिक गंभीर होने की सूचना नहीं मिली है।

इस हादसे में भगवान सिंह पुत्र किशन लाल कुशवाहा, केशकली पत्नी कमल किशोर कुशवाहा, दयावती पत्नी देवलाल, मालती पत्नी बृजमोहन कुशवाहा, रूप सिंह पुत्र कमल कुशवाह, बैकुंठी देवी पत्नी खड़क सिंह, लक्ष्क्षो पत्नी जग्गू कुशवाह, क्रांति पत्नी उमेश कुशवाहा, सुखवती पत्नी रामदास कुशवाह, कमलेश, गोरेलाल निवासीगण बनगुवां बताए गए हैं।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter