ट्रैक्टर से जा रहे युवकों को घेरकर मारी गोली : आरोपितों में भाजपा नेता भी शामिल, सात लोगों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

Datia news : दतिया। ट्रैक्टर से जा रहे दो लोगों पर करीब आधा दर्जन से अधिक व्यक्तियों ने घेरकर गोलीबारी कर दी। दतिया में पिछले छह दिन में गोलीबारी की यह पांचवा मामला है। थाना क्षेत्रों में हथियारों की गूंज लगातार गूंजने से पुलिस भी चकरघिन्नी बनी हुई। घटना के बाद आरोपित मौके से भाग निकले। जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। घटना रविवार रात की बताई जाती है।

गोराघाट थाना क्षेत्र के ग्राम तिलैथा में पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने एक युवक और उसके ड्राइवर को गोली मार दी। गोली लगने से घायल दोनों व्यक्तियों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया है। पुलिस ने घटना के संबंध में पांच नामजद और दो अज्ञात के विरुद्ध हत्या का प्रयास व एससीएसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपितों में एक भाजपा नेता भी शामिल है।

रास्ते में घेरकर मारी गोली : जानकारी के अनुसार ग्राम तिलैथा निवासी नरेंद्र रावत अपने ड्राइवर कल्लू कोरी के साथ ट्रैक्टर से जा रहा था। इसी बीच पुरानी रंजिश के चलते आरोपित हिमांशु रावत, अतेंद्र, गंधर्व रावत, अनिकेत रावत, हेतम ने दो अन्य साथियों के साथ इन्हें घेर लिया और गोली मार दी।

घटना में नरेंद्र के पेट में और ड्राइवर कल्लू के हाथ में गोली लगने वह दोनों गंभीर घायल हो गए। घायलों को मरणासन्न अवस्था में छोड़कर आरोपित मौके से भाग निकले।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए भिजवाया। घायलों की गंभीर हालत होने के कारण उन्हें ग्वालियर भर्ती कराया गया है।

Banner Ad

गोराघाट थाना प्रभारी संजीव नयन शर्मा ने बताया कि घायल नरेंद्र के भाई मनोज रावत की रिपोर्ट पर सात लोगों के विरुद्ध हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। घटना का कारण पुरानी रंजिश बताया जाता है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter