धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देते हुए उज्जैन को सिंहस्थ महापर्व के लिये किया जा रहा है तैयार : 100 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन

भोपाल :  उज्जैन में शुक्रवार को 109 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास एवं बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया। इन परियोजनाओं में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने, शहरी सुविधाओं के विस्तार और आगामी सिंहस्थ महापर्व 2028 की तैयारियों से जुड़े कार्य शामिल हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत कन्या-पूजन से हुई, जिसके बाद रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार की गई राखियों का अवलोकन किया गया। महिलाओं को साड़ी और मिठाई भेंट की गई तथा सावन झूला झुलाने की पारंपरिक रस्म भी निभाई गई। आयोजकों ने बताया कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य स्थानीय संस्कृति और महिला स्व-रोज़गार को बढ़ावा देना है।

आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ के नए भवन का शुभारंभ : इस अवसर पर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) के नए कार्यालय एवं कर्मचारी आवास इकाई का लोकार्पण भी किया गया। 9 करोड़ 99 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस भवन का कुल क्षेत्रफल 3,126.02 वर्ग मीटर है और इसे 12 माह में पूरा किया गया। भवन परिसर में प्रशासनिक कार्यालय, पुलिस अधीक्षक और उप पुलिस अधीक्षक के आवास, 8 एनजीओ आवास, 12 कांस्टेबल आवास, पार्किंग, ड्राइवर रूम और गार्ड रूम की सुविधा उपलब्ध है।

स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि नया भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है, जिससे आर्थिक अपराधों की जांच और रोकथाम की क्षमता में वृद्धि होगी।

सिंहस्थ की तैयारियों में तेजी : शहर में हो रहे विकास कार्यों को सिंहस्थ महापर्व की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नगर निगम और विभिन्न विभाग मिलकर बुनियादी ढांचा सुदृढ़ करने, यातायात प्रबंधन सुधारने और तीर्थयात्रियों के लिए सुविधाएं बढ़ाने पर काम कर रहे हैं। इस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और नागरिकों ने भाग लिया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!