बेकाबू ट्रक ने बाइक सवारों को कुचला : दो की मौत, वहीं वाहन की टक्कर से अधेड़ की गई जान

Datia News : दतिया। बाइक से पत्नी व बच्चों को लेकर घर से निकले पंकज सेन को पता नहीं था कि कुछ ही दूरी पर उसकी बेटी और पत्नी मौत की आगोश में समां जाएंगी। डबरा से खुशी-खुशी पूरा परिवार बाइक पर सवार होकर दतिया आ रहा था। इसी दौरान शहर की सीमा से कुछ ही दूरी पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को चपेट में ले लिया और टक्कर मार दी। भिडंत इतनी जोरदार थी कि मां-बेटी की मौके पर ही जान चली गई। जबकि पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

ग्वालियर-झांसी हाईवे पर सोनागिर तिराहे के पास सोमवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। घटना की सूचना पर गोराघाट पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतकों को पीएम एवं घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक डबरा निवासी पंकज पुत्र चंद्रप्रकाश सेन अपनी पत्नी पूजा सेन और दो बच्चों के साथ बाइक पर सवार होकर दतिया की तरफ आ रहे थे।

हाइवे पर सोनागिर तिराहे के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला पूजा और उसकी बेटी शानवी की मौत हो गई। वहीं पंकज सेन और बेटा घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

वाहन की टक्कर से अधेड़ की मौत : गत रविवार रात लहार रोड शंकर जी मंदिर के पास वाहन से कुचलकर एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे एम्बुलेंस 108 से भांडेर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान बीरबल उर्फ पप्पू धाकड़ पुत्र लटोरे के रूप में हुई।

मृतक आलमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खूजा का रहने वाला है। जो भांडेर में काफी समय से निवासरत था। घटना के संबंध में पुलिस को मृतक के भाई रामनरेश ने जानकारी दी। इस संबंध में मृतक के बेटे राघवेंद्र ने बताया कि रात नौ बजे शंकर जी के मंदिर के पास किसी वाहन की चपेट में आने से उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

उन्हें वह उपचार के लिए भांडेर अस्पताल से ग्वालियर ले जा रहा था तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई। सोमवार को भांडेर पुलिस की मौजूदगी में अस्पताल पर पीएम कराकर शव स्वजन को सौंप दिया गया। इस मामले में फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!