Datia News : दतिया । रविवार दोपहर तीन बजे गांधी रोड स्थित तलघर में बने नोस्ट्रम कपड़े के शोरूम में एक स्कूटी बेकाबू होकर शोरुम का कांच तोड़ती हुए अंदर जा घुसी। इस हादसे में स्कूटी सवार महिला को गंभीर रुप से घायल हो गई। जिसे आसपास के दुकानों ने मदद करते हुए उपचार के लिए भिजवाया।

जानकारी के अनुसार महिला खुशबू मौर्या निवासी नरवर का मायका दतिया में है। जहां वह अपने पति नरेंद्र कुमार और सात वर्षीय बेटे अभिनव के साथ बहन रश्मि की शादी में शामिल होने के लिए आई थी। रविवार को दोपहर तीन बजे वह स्कूटी से अपने बेटे के साथ गांधी रोड स्थित कपड़ों के शोरूम पर खरीदारी के लिए आई हुई थी। जहां खरीदारी के बाद लौट रही थी।

इसी बीच स्कूटी मोड़ते समय वह अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे तलघर में बने नोस्ट्रम के शोरुम की सीढ़ियों से दौड़ती हुई कांच तोड़कर दुकान के अंदर जा घुसी। इस घटना में महिला खुशबू को हाथ और पैर में कांच घुस जाने से गम्भीर चोट आई है।

गनीमत यह रही कि घटना के समय महिला का बेटा स्कूटी पर नहीं बैठ पाया था। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों ने मानवीयता दिखाता हुए तत्काल मौके पर पहुंचकर महिला की मदद की और उसे उपचार के लिए भिजवाया। साथ ही घटना को लेकर उसके स्वजन को भी सूचना दी।