बेकाबू ट्रैक्टर से सड़क पर मचा कोहराम : बाइक और लोडिंग वाहन हुए शिकार, बाइक सवार की गई जान दो घायल

Datia News : दतिया। चंदेवा की बावड़ी के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने एक बाइक में टक्कर मार दी। भिडंत इतनी जोरदार थी कि बाइक उछलकर सड़क के बीचों बीच जा गिरी। इसी बीच सामने से आ रहा लोडिंग वाहन ने ट्रैक्टर और बाइक को बचाने के चक्कर में खेत में उतर गया और एक खंबे से जा टकराया। इस हादसे में जहां बाइक सवार की मौत हो गई। वहीं दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए। जबकि लोडिंग वाहन का चालक सुरक्षित तरीके से बाहर निकल आया। पुलिस ने ट्रैक्टर को जप्त कर लिया है।

दुरसड़ा थाना क्षेत्र के भांडेर-दतिया राजमार्ग चंदेवा की बावड़ी के पास मंगलवार रात हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों में से एक की मौत हो गई। वहीं दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार लक्ष्मण कुशवाहा, राहुल कुशवाहा तथा राजा कुशवाहा भांडेर क्षेत्र के ग्राम सैंतोल से एक त्रियोदशी कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी बाइक से घर तगा लौट रहे थे।

जब यह चंदेवा के बावड़ी के पास पहुंचे तो इनके आगे चल रहे ट्रैक्टर के चालक हरिशंकर छारी पुत्र जयराम निवासी हमीरपुरा दतिया ने लापरवाहपूर्ण तरीके से वाहन चलाकर बाइक में टक्कर मार दी। इस घटना में जहां लक्ष्मण कुशवाहा पुत्र रामगोपाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक सवार दो अन्य युवक राहुल कुशवाहा और राजा कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गए।

लोडिंग वाहन भी हुआ हादसे का शिकार : इसी दौरान दतिया तरफ से आ रहा एक लोडिंग वाहन भी गंभीर दुर्घटना का शिकार होते-होते बचा। दरअसल बाइक, ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराकर सड़क पर फिकी तो नजदीक पहुंच चुके इस लोडिंग वाहन के ड्राइवर ने ट्रैक्टर और बाइक को बचाते हुए उसे खेत में नीचे उतार दिया।

घटना इतनी तेजी से घटी कि लोडिंग वाहन के ड्राइवर को खेत में खड़ा बिजली का खंबा भी नहीं दिख पाया और जाकर सीधे उसी से टकरा गया। हालांकि इसमें वाहन को नुकसान पहुंचा लेकिन ड्राइवर सकुशल बच गया।

पुलिस ने ट्रैक्टर किया जप्त : घटना की जानकारी मिलने के बाद थाना प्रभारी दुरसड़ा अमर सिंह गुर्जर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और प्रभावितों को दतिया अस्पताल पहुंचाया। जहां लक्ष्मण की मौत की पुष्टि होने पर उसे पीएम हाउस और शेष दोनों घायलों को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं इस पूरी घटना के लिए दोषी ट्रेक्टर को जब्त कर ड्राइवर पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!