दतिया | विधानसभा उपचुनाव की सरगर्मियों के बीच पूर्व गृह मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने गुर्जर समाज के कार्यक्रम में केंद्र सरकार की सुरक्षा नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की जमकर सराहना की। अपने संबोधन में उन्होंने आतंकवाद, राष्ट्रीय सुरक्षा, सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक, ऑपरेशन सिंदूर और धारा-370 जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि आज भारत की स्थिति पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है।
‘अब आतंकवादियों की हिम्मत नहीं कि भारत की तरफ आंख उठाकर देखें’ : डॉ. मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सुरक्षा नीति में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि पहले सीमा पार से आतंकवादी घटनाएं होती थीं, लेकिन अब भारत किसी भी हमले का मुंहतोड़ जवाब देता है। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसी कार्रवाइयों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज आतंकवादी और पाकिस्तान भारत की ओर आंख उठाकर देखने की भी हिम्मत नहीं कर पाते।
गिनाई केंद्र सरकार की उपलब्धियां अपने संबोधन में उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान फंसे भारतीय छात्रों की वापसी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने संकट की घड़ी में भारतीय नागरिकों को सुरक्षित वापस लाकर पूरी दुनिया में भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा का परिचय दिया।
‘हमने दतिया को अलग पहचान दिलाई’ : डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने अपने विधायक और मंत्री कार्यकाल का उल्लेख करते हुए दावा किया कि उनके समय में दतिया विकास और सम्मान के नए आयाम छू रहा था। उन्होंने कहा कि जिले की छोटी से छोटी और बड़ी से बड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान कराया जाता था तथा दतिया की पहचान पूरे प्रदेश में अलग थी।
राजेंद्र भारती और कांग्रेस पर बोला हमला : पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछले ढाई वर्षों में दतिया के विकास की रफ्तार थम गई और विधानसभा में जिले से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रभावी ढंग से नहीं उठाया गया।
उन्होंने पूर्व विधायक राजेंद्र भारती से जुड़े बैंक एफडी अनियमितता मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि न्यायालय ने उन्हें दोषी ठहराते हुए तीन वर्ष के कारावास की सजा सुनाई है।
डॉ. मिश्रा ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार इस मामले में उनका नाम जोड़ने का प्रयास करती रही है। उन्होंने कहा कि यह प्रकरण करीब 27 वर्ष पुराना है और उस समय वे स्वयं दतिया की राजनीति में सक्रिय नहीं थे, इसलिए इस मामले से उनका कोई संबंध नहीं रहा।
जनता से भाजपा के समर्थन की अपील : डॉ. मिश्रा ने कहा कि दतिया विधानसभा उपचुनाव केवल एक सीट का चुनाव नहीं, बल्कि जिले के भविष्य और विकास की दिशा तय करने वाला चुनाव है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों से भाजपा के समर्थन में एकजुट होकर काम करने की अपील करते हुए कहा कि जनता का आशीर्वाद मिला तो भाजपा पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ दतिया के विकास को नई गति देगी और जिले को फिर से विकास की उड़ान दिलाने का प्रयास करेंगे।
