अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर : शादी समारोह से लौट रहे किसान की सड़क हादसे में मौत , पुलिस ने शुरू की वाहन चालक की तलाश

दतिया। जिले के भांडेर थाना क्षेत्र में शनिवार को हुए सड़क हादसे में एक किसान की मौत हो गई। हादसा बेजापारा गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। मृतक की पहचान भिंड जिले के ग्राम अमाहा निवासी 27 वर्षीय उपेंद्र दौहरे के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

शादी समारोह से घर लौटते समय हुआ हादसा : पुलिस के अनुसार, उपेंद्र दौहरे 23 जून को अपने भांजे के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए मियांपुर गए थे। विवाह कार्यक्रम संपन्न होने के बाद शनिवार को वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बेजापारा के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ : बताया गया है कि उपेंद्र खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी, करीब चार वर्ष की एक बेटी और अन्य परिजन हैं। वह अपने दो भाइयों में सबसे छोटे थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस : घटना की सूचना मिलने पर भांडेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!