“बसई तो अपने दिल में बसता है” : केंद्रीय मंत्री शिवराज ; आशुतोष तिवारी के लिए मांगे वोट, बोले- कमल का बटन दबाकर भारी बहुमत से जिताएं !

दतिया | दतिया विधानसभा उपचुनाव-2026 को लेकर भाजपा का चुनावी अभियान रविवार को बसई में आयोजित केंद्रीय कृषि मंत्री मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जनसभा के साथ और तेज हो गया। भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में आयोजित सभा में शिवराज सिंह चौहान ने जहां जनता से कमल के फूल का बटन दबाकर भाजपा को विजयी बनाने की अपील की, वहीं अपने चिर-परिचित अंदाज में लोगों से संवाद कर माहौल को भी खास बना दिया।

सभा के दौरान भीड़ में मौजूद युवाओं ने शिवराज सिंह चौहान से कहा- ‘आई लव यू, मामा।’ इस पर शिवराज ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया- ‘आई लव यू टू… बहुत दिनों से आपकी याद आ रही थी। तुमसे मिलने को जी करता है रे बाबा।’ इसके बाद उन्होंने जनता की ओर फ्लाइंग किस उछालकर लोगों का अभिवादन किया। शिवराज के इस अंदाज पर सभा में मौजूद समर्थकों ने जमकर तालियां बजाईं।

‘बसई मेरे दिल में बसता है’, शिवराज ने पुराने रिश्ते का किया जिक्र : शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बसई से उनका विशेष लगाव है और ‘बसई तो अपने दिल में बसता है रे।’ उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए राजनीति न तो शौक है और न ही धंधा, बल्कि जनता की सेवा, राष्ट्र के पुनर्निर्माण, गरीबों के कल्याण और विकसित मध्यप्रदेश एवं विकसित भारत के निर्माण का माध्यम है।

उन्होंने कहा कि पार्टी जब भी कोई जिम्मेदारी देती है, भाजपा कार्यकर्ता उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाते हैं। उन्होंने बसई की जनता के उत्साह पर खुशी जताते हुए कहा कि लोगों ने जिस आत्मीयता से उन्हें बुलाया, वे उनसे मिलने चले आए।

डकैतों के आतंक से विकास तक का जिक्र, कांग्रेस पर बरसे शिवराज : सभा में शिवराज ने ग्वालियर-चंबल अंचल के पुराने दौर को याद करते हुए कहा कि वर्ष 2003 तक क्षेत्र में डकैतों का आतंक था। उन्होंने कहा कि उस समय अपहरण और हत्याओं का भय बना रहता था। शिवराज ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान डकैतों के खिलाफ की गई कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने संकल्प लिया था कि मध्यप्रदेश की धरती पर या तो डाकू रहेंगे या शिवराज सिंह चौहान, दोनों एक साथ नहीं रह सकते।

उन्होंने कांग्रेस शासन पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में सड़कों की हालत खराब थी और यह पता लगाना मुश्किल होता था कि ‘सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क।’ बिजली, पानी और शिक्षा की बदहाल स्थिति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारों ने इन क्षेत्रों में लगातार काम किया है।

बसई में 80 करोड़ की लागत से सीएम राइज स्कूल का किया जिक्र  : शिवराज सिंह चौहान ने बसई में शिक्षा के क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां करीब 80 करोड़ रुपये की लागत से सीएम राइज स्कूल बनाया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की सोच है कि गरीब, किसान और मध्यम वर्ग के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का पूरा अधिकार मिले।

उन्होंने कहा कि सीएम राइज स्कूलों में स्मार्ट क्लास, लैब, लाइब्रेरी, खेल मैदान और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी बेहतर शिक्षा मिल सके।

लाड़ली बहना से लखपति दीदी तक का संकल्प : शिवराज ने महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि लाड़ली बहना योजना ने महिलाओं के आत्मविश्वास और सम्मान को बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प के अनुरूप लखपति दीदी अभियान के जरिए महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि देश में अधिक से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य है, ताकि कोई भी बहन गरीबी में जीवन जीने को मजबूर न हो और हर महिला सम्मान एवं स्वाभिमान के साथ अपना जीवन जी सके।

प्रीतम सिंह लोधी ने कहा- बसई को जिला बनाने की मांग को लेकर भोपाल में लड़ाई लड़ूंगा : सभा के दौरान मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा से विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने बसई को जिला बनाने की मांग का मुद्दा उठाया। उन्होंने मंच से कहा, ‘चिंता मत करो, मैं भोपाल में लड़ाई लड़ूंगा।’ उन्होंने कहा, ‘बसई को वहां भी ले जाएंगे, दोनों काम करेंगे। मैं भोपाल में लड़ाई लड़ूंगा, मामा दिल्ली में लड़ेंगे, आप चिंता मत करना।’

प्रीतम सिंह लोधी के इस बयान के बाद सभा में मौजूद लोगों ने जोरदार तालियों के साथ समर्थन किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता की मांगों को आगे बढ़ाने के लिए जनप्रतिनिधियों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

आशुतोष तिवारी को बताया ईमानदार और समर्पित कार्यकर्ता : शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की तारीफ करते हुए कहा कि वे उन्हें लंबे समय से व्यक्तिगत रूप से जानते हैं। उन्होंने कहा कि आशुतोष तिवारी ने संगठन के लिए लंबे समय तक काम किया है और पार्टी ने जब भी उन्हें जिम्मेदारी दी, उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ उसे निभाया।

उन्होंने कहा कि अब पार्टी ने आशुतोष तिवारी को दतिया विधानसभा क्षेत्र की जनता की सेवा का अवसर दिया है। शिवराज ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी को जीत मिलने पर प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार, केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार और भाजपा के मंत्री मिलकर दतिया के विकास को नई गति देने का काम करेंगे।

‘कमल का बटन दबाएं, आशुतोष तिवारी को भारी बहुमत से जिताएं’ : सभा के अंत में शिवराज सिंह चौहान ने जनता से अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव दतिया के विकास की दिशा तय करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को विजयी बनाकर विकास की गति को आगे बढ़ाया जा सकता है।

उन्होंने लोगों से हाथ उठाकर संकल्प लेने का आह्वान किया और कहा कि कमल के फूल का बटन दबाएं, आशुतोष तिवारी को विधायक बनाएं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हाथ मजबूत करें। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा प्रत्याशी को जनता का आशीर्वाद मिलेगा और दतिया के विकास को नई दिशा मिलेगी।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter