खेत पर रखवाली कर रहे किसान को अज्ञात बदमाशों ने मारी गोली, मौके पर हुई मौत, चाचा ने दी घटना की खबर

Datia News : दतिया। शुक्रवार रात अपने खेत की रखवाली कर किसान की अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। जिस समय यह हादसा हुआ उस दौरान मृतक का चाचा भी खेत पर मौजूद था। जो गोली चलने की आवाज सुनकर छुप गया। कुछ देर बाद उसने जब अपने भतीजे के पास पहुंचकर देखा तो उसका खून से लथपथ शव मौके पर पड़ा था।

घटना की सूचना पर सेवढ़ा पुलिस व डीपार थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने छानबीन भी की। घटना के संबंध में अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार सेवढ़ा नगर स्थित राजराजेश्वरी मंदिर के पीछे करीब आधा किमी की दूरी पर स्थित सिंध नदी के पास बने खेत में यह घटना घटित हुई। मृतक युवक दीपक पुत्र बालमुकुंद के चाचा सतीश पुत्र रोशन केवट निवासी वार्ड क्रमांक 14 ने बताया कि वह रोज की तरह भतीजे दीपक के साथ खेत को जंगली जानवरों से बचाने के लिए खेत पर रखवाली करने गए थे।

इसी बीच शुक्रवार रात्रि 10 बजे के लगभग उन्होंने खेत पर आग जलाई। जिसके बाद खेत से अंधेरे में करीब 2 से 4 लोग गुजरे और गाली देते हुए उन्होंने फायरिंग कर दी। बदमाशों को फायरिंग करते देख दोनों लोग छुप गए। लेकिन एक गोली दीपक के पेट में जा लगी। जिससे मौके पर उसकी मौत हो गई।

मृतक के चाचा के मुताबिक अज्ञात लोगों को देखकर वह डर गया था। उसने घर पहुंचकर दीपक के पिताजी को घटना की सूचना दी। जिसके बाद पुलिस को खबर की गई। सूचना मिलने पर सेवढ़ा टीआई धीरेंद्र मिश्रा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं घटना डीपार थाने क्षेत्र की होने के कारण संबंधित थाने को सूचना दी गई।

डीपार थाना प्रभारी वैभव गुप्ता भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शनिवार सुबह फारेंसिक टीम ने घटना स्थल पर पहुंचकर आवश्यक सुराग तलाश किए। पुलिस ने शव का पीएम कराकर स्वजन को सौंप दिया। बताया जाता है कि मृतक युवक की शादी करीब 7 वर्ष पहले हुई थी और वह अपने पीछे दो बच्चियों को छोड़ गया।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter