घर में सोते वक्त युवक की अज्ञात लोगों ने की हत्या : गांव में लाइट न होने का फायदा उठाकर हमलावरों ने दिया घटना को अंजाम

Datia News : दतिया। रात के अंधेरे में अज्ञात लोगों ने अपने घर में सो रहे युवक की गला रेंतकर हत्या कर दी। अंधेरे का फायदा उठाकर उक्त लोग भाग निकले। घर के लोगों ने उन्हें भागते हुए भी देखा। लेकिन गांव में लाइट न होने के कारण वह उनकी पहचान नहीं कर सके। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चुनावी रंजिश के चलते जिगना थाना क्षेत्र के ग्राम नौनेर में एक युवक की गला रेंतकर कुछ लोगों ने हत्या कर दी। जिस समय घटना हुई उस वक्त गांव में लाइट नहीं थी। जिसके कारण मृतक के स्वजन हमलावरों को नहीं देख सके। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। मृतक का शव कब्जे में लेकर उसे पीएम के लिए भिजवाया। फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार ग्राम नौनेर निवासी 35 वर्षीय मनोज बाल्मिक लाइट चले जाने के कारण घर के बाहर वाले कमरे में सो रहा था। तभी रात 2 बजे करीब 4-5 लोगों ने सो रहे मनोज की धारदार हथियार से गला रेंतकर हत्या कर दी। कमरे में आहट सुनकर मृतक की पत्नी लक्ष्मी वहां पहुंची तो उसने कुछ लोगों को वहां से भागते हुए देखा।

लक्ष्मी के मुताबिक अंधेरा होने के कारण वह आरोपितों का चेहरा नहीं देख सकी। जिगना थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि युवक की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या हुई है। घटना रात्रि 2 बजे के आसपास की है। पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है। मृतक के चार बच्चे हैं। जिनमें दो लड़के और दो बच्ची शामिल हैं। हत्या को चुनावी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है।

हैंडपंप के पास पड़ा मिला वृद्ध का शव : बड़ोनी में सोमवार को हैडपंप के पास पुलिस ने एक वृद्ध का शव बरामद किया। वृद्ध अपने घर से रविवार रात से लापता था। स्वजन रात भर उसे खोजते रहे। सुबह जब उन्हें जानकारी मिली तो उन्होंने मौके पर जाकर वृद्ध की शिनाख्त की। पुलिस ने शव का पीएम कराकर स्वजन के सुपुर्द किया।

बड़ोनी कस्बा निवासी 65 वर्षीय मृतक गोंदन केवट के नाती शुभम केवट ने बताया उसके दादाजी रात में खाना खाकर बाहर वाले कमरे में सो रहे थे। दिमागी रूप से कमजोर होने के कारण वह कहीं पर भी चले जाते थे। रात में जब वह कमरे में नहीं मिले तो स्वजन चिंता में पड़ गए। उन्हें खोजने की कोशिश की गई। लेकिन वे नहीं मिले।

सुबह खबर लगी कि सरकारी हैडपंप के पास एक वृद्ध का शव पड़ा हुआ है। मौके पर जाकर देखा तो वह गोंदन केवट का निकला। वहीं शव पर मवेशी के सींगों के चोट के निशान भी मिले हैं। शव के पास एक गाय भी बैठी मिली।

जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि मवेशी के सींग मरने से लगी चोट के कारण ही वृद्ध की जान गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter