अर्धनग्न अवस्था में सिंध नदी से मिला अज्ञात महिला का शव, पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से निकाला

Datia News : दतिया। लांच थाना क्षेत्र के ग्राम अंडोरा के पास सिंध नदी घाट पर एक महिला का अर्धनग्न अवस्था में पुलिस ने शव बरामद किया है। शव की शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस का अनुमान है कि सिंध के पानी के बहाव में कहीं और से बहकर यह शव आया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम अंडोरा स्थित बालाजी मंदिर के पास सिंध नदी घाट पर शुक्रवार देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में एक अज्ञात महिला का शव पानी उतरता मिला। पानी में शव को देख ग्रामीणों ने इसकी सूचना लांच थाने को दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से अज्ञात महिला का सड़ी-गली अवस्था में शव बरामद किया। शव को ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखकर पीएम के लिए अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस के मुताबिक शव किसी अज्ञात महिला का है। जो 8 से 10 दिन पुराना लगता है।

आसपास पूछताछ के बाद भी उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में बरामद हुआ है। मृतका की उम्र 30-35 वर्ष के आसपास बताई जाती है। पुलिस शव की शिनाख्ती के प्रयास में जुटी है।

दो पक्षों के मध्य हुआ विवाद, 7 लोग घायल

रंजिश को चलते पंडोखर थाना क्षेत्र के ग्राम दिलेरा में दो पक्षों के मध्य विवाद हो गया। इस विवाद में एक महिला समेत चार व्यक्ति घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से भी 3 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ क्रास मामला दर्ज किया।

थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुशवाहा ने बताया कि दिलेरा गांव में एक ही परिवार के दो पक्षों में रंजिश के चलते शनिवार दोपहर लगभग 3 बजे विवाद हो गया। जिसमें 7 लोग घायल हो गए।

पुलिस ने घनाराम केवट की रिपोर्ट पर तेजराज केवट, हिम्मत केवट, वकील केवट, हलवाई केवट के खिलाफ मामला दर्ज किया। वहीं हिम्मत केवट की रिपोर्ट पर तिलोली केवट, घनाराम केवट, पप्पू केवट के खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!