उप्र सरकार आयोजित करेगी शिक्षक पात्रता परीक्षा, बेरोजगारों में जागी आशा की किरण

लखनऊ । उत्तर प्रदेश के स्कूलों में 50 हजार से ज्यादा खाली पड़े शिक्षकों के पदों को भरने के लिए सरकार ने कवायद शुरू कर दी है। इसके लिए प्रक्रिया जल्दी ही प्रारंभ होगी। इस दिशा में सबसे पहले शिक्षक पात्रता परीक्षा कराने की घोषणा की गई है। इस घोषणा के बाद राज्य के बेरोजगार युवक-युवतियों में आशा की किरण जागी है। यह परीक्षा जुलाई माह में आयोजित होने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) 2020 कराने का ऐलान बेसिक शिक्षा विभाग ने कर दिया है। इसे बेसिक शिक्षा के प्राथमिक स्कूलों में नई शिक्षक भर्ती की शुरूआत माना जा रहा है। सूत्रों की मानें तो प्राथमिक स्कूलों में 51,112 पद खाली हैं। उत्तर प्रदेश सरकार यह दावा सुप्रीम कोर्ट में पहले ही कर चुकी है। ऐसे में पात्रता परीक्षा के बाद शिक्षक भर्ती होना लगभग तय है।

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा 25 जुलाई को होना प्रस्तावित है। पहले तैयारी थी कि यूपी टीईटी के बाद ही एडेड जूनियर हाईस्कूल और प्राथमिक स्कूलों की भर्ती कराई जाएगी। लेकिन जूनियर स्कूलों में इधर लंबे समय से सीधी भर्ती नहीं हुई थी। वहीं उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा उत्तीर्ण करने वालों की अधिक तादाद को देखते हुए यह भर्ती बिना टीईटी के ही कराने का निर्णय हुआ है।

सरकार की कोशिश चुनाव से पहले दे दिए जाएं नियुक्ति पत्र  

प्राथमिक स्कूलों की भर्ती इधर तय अंतराल में हो रही हैं, इसके लिए पात्रता परीक्षा कराना जरूरी है। माना जा रहा है कि इसलिए जुलाई या फिर अगस्त में शिक्षक भर्ती की घोषणा हो सकती है, ताकि कुछ ही दिनों में लिखित परीक्षा कराकर परिणाम घोषित हो और विधानसभा चुनाव के पहले नियुक्ति पत्र वितरित हो सकते हैं।

डीएलएड प्रशिक्षु में जागी नौकरी की आस

प्रतियोगी नई शिक्षक भर्ती की मांग लंबे समय से कर रहे हैं। बेरोजगारों का कहना है कि सरकार ने 69 हजार शिक्षक भर्ती पूरी होने के बाद अगली भर्ती शुरू करने का आश्वासन दिया था। सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय में प्राथमिक स्कूलों में सहायक अध्यापकों के 51,112 पद रिक्त होने की बात स्वीकार की है। इधर करीब दो लाख से अधिक डीएलएड प्रशिक्षु नौकरी की आस लगाए बैठे हैं।

नौकरी के इंतजार में बैठे हैं शिक्षामित्र

शिक्षामित्रों को भी अगली भर्ती का इंतजार है। वजह, सुप्रीम कोर्ट ने 18 नवंबर को शिक्षामित्रों को एक और भर्ती में अवसर देने के आदेश दिए हैं। 68,500 व 69,000 भर्ती में बामुश्किल 15 हजार शिक्षामित्रों को नौकरी मिल सकी है। जुलाई 2017 में 1.37 लाख शिक्षामित्रों का समायोजन निरस्त हुआ था। उसके बाद से शिक्षामित्र नई भर्ती से उम्मीद लगाए बैठे हैं।

पात्रता परीक्षा 25 जुलाई से

संभावना है कि उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा इस साल 25 जुलाई को आयोजित होगी। परीक्षा दो पालियों में होगी। सुबह 10 से दोपहर 12.30 बजे तक होने वाली पहली पाली में प्राथमिक स्तर की परीक्षा होगी। दोपहर 2.30 से शाम पांच बजे तक दूसरी पाली में उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा होगी। परीक्षा का रिजल्ट 20 अगस्त को घोषित होगा। बेसिक शिक्षा विभाग ने यूपीटीईटी-2020 के आयोजन की समय सारिणी तय करते हुए इस बारे में शासनादेश जारी कर दिया है। यूपीटीईटी के आयोजन के लिए 11 मई को विज्ञापन प्रकाशित होगा। ऑनलाइन आवेदन के लिए रजिस्ट्रेशन 18 मई दोपहर से शुरू होगा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!