झांसी । उप्र में पंचायत चुनाव के दौरान बवाल मच गया। मतदान के दौरान असामाजिक तत्वों ने खूब हंगामा किया। केंद्रों पर सामान की तोड़फोड़ कर दी और मतदान करा रहे कर्मचारियों को भी नहीं बख्शा। इन हालातों को देखते हुए पुलिस ने भी सख्ती दिखाई। जब मतदान पेटियों को सुरक्षित करने की कोशिश की गई तो हंगामा मचा रहे लोगों ने पेटियों में पानी भर दिया।
झांसी के ककरबई थाना क्षेत्र के कैरोखर गांव में मतदान के दौरान जमकर बवाल हुआ। मतदान केंद्र में अचानक घुस आए कुछ असामाजिक तत्वों ने न सिर्फ मतदान कर्मी से बदसलूकी की बल्कि कुछ बैलेट पेपर भी छीनकर फाड़ दिए। इसके बाद भी उनका गुस्सा शांत नहीं हुआ तो वहां रखी कुर्सियां तोड़ डालीं। कर्मचारियों ने मतपेटियां उठाने की कोशिश की तो उनमें पानी भर दिया। कर्मचारियों ने आनन-फानन में वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।
मौके पर पहुंचे एसपी ग्रामीण नेपाल सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने बल प्रयोग कर मौके पर उपद्रव कर रहे लोगों को खदेड़ा। मिली जानकारी के अनुसार झांसी के कैरोखकर गांव में बनाए गए बूथ संख्या 1, 2 पर जमकर उपद्रव हुआ। मतदान केंद्र पर रखे बैलेट पेपर फाड़ डालेए कुर्सियां तोड़ दी गई। यहीं नहीं आक्रोशित लोगों ने जमकर पथराव किया। जिससे केंद्र पर अफरा-तफरी मच गई। वहीं कई घंटे मतदान बाधित रहा। घटना के बाद केन्द्र छावनी में तब्दील हो गया।
करीब एक घंटे के बाद भारी पुलिस बल की मौजूदगी में दोबारा मतदान शुरू हुआ। ककरबई के गांव कैरोखर में बूथ नंबर 1 व 2 बनाए गए थे। गुरुवार को सुबह से यहां मतदान हुआ। कुछ संख्या में ग्रामीण ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। तभी करीब 11.30 बजे कुछ संख्या में लोग मतदान केन्द्र के अंदर आ गए। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उन्होंने कर्मचारियों से अभद्रता की।
विरोध करने वह और आक्रोशित हो गए। उन्होंने जमकर बवाल काटा और बेलेट पेपर फाड़ डाले। कर्मचारियों के लिए रखी गई कुर्सियां तोड़ डाली। यही नहीं उन्होंने मतपेटियां उठाने का भी प्रयास किया, उनमें पानी भर दिया। आनन-फानन में केन्द्र पर तैनात फोर्स ने आला अफसरों को खबर की। सूचना पर पहुंचे एसपी ग्रामीण नेपाल सिंह ने पुलिस बल के साथ घटना स्थल का जायजा लिया। वहीं फोर्स ने उपद्रव कर रहे लोगों को खदेड़ डाला।