इंदरगढ़ व भांडेर स्वास्थ्य केंद्रों पर शुरु हुआ वैक्सीनेशन, 200 में से 147 ने लगवाए टीके

इंदरगढ़. इंदरगढ़ और भांडेर समुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर सोमवार को कोरोना वैक्सीनेशन का विधिवत शुभारंभ ुहुआ। सुबह 10 बजे से 4 बजे तक फ्रंटलाइन में काम कर रहे इंदरगढ़ स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर व स्टॉफ कर्मचारियों को कोरोना से बचाव के लिए टीके लगाए गए। इस दौरान 80 लोगों का वैक्सीनेशन किया गया। इंदरगढ़ बीएमओ वीरसिंह खरे, वैक्सीन प्रभारी जय राम सविता को स्टाफ नर्स रितु नरवरिया ने वैक्सीन का पहला टीका लगाया है। इंदरगढ़ तहसीलदार सुनील भदोरिया ने स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर वैक्सीनेशन की व्यवस्था का अवलोकन किया।

पहले चरण में वैक्सीनेशन टीके के लिए पंजीकृत हुए कोरोना वायरस की रोकथाम में फ्रंटलाइन में काम कर रहे सभी लोगों को डा. पूर्णांक खरे ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला अस्पताल द्वारा 100 वैक्सीनेशन के लिए रजिस्ट्रेशन सुरक्षित किए गए थे। जिसमें डॉक्टर, स्टाफ नर्स, आशा कार्यकर्ताओं की लिस्ट भेजी गई थी। जिसमें से 80 को पहला टीका लगाया गया है। किसी भी डॉक्टर एवं स्टाफ को कोई भी परेशानी टीके से उत्पन्न नहीं हुई। टीका लगवाने वाले डॉक्टर एवं स्टाफ नर्स काफी खुश दिखाई दिए।

भांडेर में 67 लोगों को लगी वैक्सीन

भांडेर में कोरोना से बचाव के लिए सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भांडेर पर सूचीबद्ध एक सौ लोगों में से 67 लोगों द्वारा टीका लगवाया गया। जिन लोगों ने टीका लगवाया उनमें स्वास्थ्य, आयुष तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के कर्मचारी शामिल रहे। पहला टीका अस्पताल के कंपाउंडर हरिराम सविता को लगाया गया। सोमवार को जिन लोगों का टीकाकरण हुआ, उनमें से दो-तीन लोगों को छोड़कर किसी पर कोई विपरीत प्रभाव देखने को नहीं मिला। जिन लोगों पर इसका प्रभाव दिखा उन्हें ब्लडप्रेशर बढ़ने जैसी समस्या देखने को मिली। लेकिन यह समस्या थोड़ी देर बाद तक ही रही। अगला टीकाकरण अब बुधवार को होगा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter