बडौनी भाजपा कार्यालय पर तोड़फोड़ : हमले में एक कार्यकर्ता गंभीर घायल, मौके पर पहुंची पुलिस

Datia news : दतिया । बड़ौनी में चुनाव प्रचार के दौरान समर्थक आपस में भिड़ गए। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से बड़ौनी थाने में क्रास रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। गुरुवार रात कुछ लोगों ने बडौनी भाजपा कार्यालय के बाहर खड़े एक कार्यकर्ता विनोद फौजी यादव पर हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल अवस्था में उसे पुलिस व अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं ने अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं हमलावरों पर इस दौरान भाजपा कार्यालय में तोड़फोड़ के आरोप भी लगे हैं।

जानकारी के मुताबिक पुलिस ने इस मामले में महेश कांकोरिया, अशोक कांकोरिया, नासिर और रामसेर के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। वहीं इस मामले में भाजपा का आरोप है कि यह सभी आरोपित कांग्रेसी कार्यकर्ता हैं। यह घटना गुरुवार रात 10 बजे के लगभग तब हुई जब भाजपा कार्यकर्ता विनोद फौजी यादव बडौनी भाजपा कार्यालय के बाहर खड़ा था। उसी समय आरोपितों ने हमला कर दिया।

विनोद हमला होते ही कार्यालय के अंदर भगा, लेकिन आरोपितों ने उसके सिर पर बका व कट्टे से वार कर दिया। वार होते ही वह लहुलुहान होकर गिर पड़ा। उसके बाद आरोपितों ने कार्यालय में तोड़फोड़ की और भाग निकले।

घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल विनोद को अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही कार्यालय में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता जमा हो गए।

इस घटना के बाद बडौनी में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। वहीं इस मामले में दूसरे पक्ष के नासिर खान की रिपोर्ट पर महेश यादव, भोला यादव, जीतू यादव और शंकर यादव पर मामला दर्ज किया गया है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter