वरुण गांधी ने किसानों के मुद्दे पर फिर सरकार को घेरा, फसल जलाते किसान का वीडियो पोस्ट किया

नईदिल्ली : भाजपा सांसद वरुण गांधी ने शनिवार को एक वीडियो क्लिप साझा की है। जिसमें धान की फसल को बेचने के अपने नाकाम प्रयासों के बाद एक किसान फसल में आग लगाते दिख रहा है। इस पूरे मामले को लेकर सांसद वरुण गांधी ने कृषि नीति पर पुनर्विचार की मांग उठाई है।

वरुण गांधी ने व्यक्ति का वीडियो ट्विटर पर साझा किया। उन्होंने कहाकि उत्तर प्रदेश के किसान समोध सिंह अपनी धान की फसल बेचने के लिए पिछले 15 दिनों से मंडियों के चक्कर लगा रहे थे। धान नहीं बिकी तो उन्होंने हताशा में खुद ही फसल में आग लगा दी। यह व्यवस्था किसानों को कहां ले आई? वक्त आ गया है कि हम अपनी कृषि नीति पर पुनर्विचार करें।

इससे पहले भी कई अन्य मुद्दों पर भी सांसद वरुण गांधी बेबाकी से आवाज उठाते रहे हैं। लखीमपुर हिंसा मामले में भी वरुण ने सवाल उठाए थे। जिसके बाद भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति में इस बार उन्हें जगह नहीं दी गई। इस बार भी वरुण ने किसान का वीडियो शेयर कर उसकी पीड़ा को उठाया है।

सीधे-सीधे हमला किए बगैर भाजपा नेता ने कृषि मुद्दों से निपटने के तरीकों को लेकर सरकार की आलोचना की है और तीन कृषि कानूनों के विरोध में प्रदर्शन कर रहे किसानों के प्रति सहानुभूति भी व्यक्त की है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter