लता की स्मृति में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वट का पौधा लगाया, यह बड़ी घोषणाएं भी कीं

भोपाल : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को स्वर कोकिला लता मंगेशकर की स्मृति में भोपाल में वट का पौधा लगाया और ऐलान किया कि उनकी जन्मस्थली इंदौर में लता जी के नाम से संगीत अकादमी, संगीत महाविद्यालय, संगीत संग्रहालय स्थापित करने के साथ-साथ उनकी प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी।

इसके अलावा, उन्होंने कहा कि उनके जन्मदिन पर ही हर साल मध्यप्रदेश में लता मंगेशकर पुरस्कार दिया जाएगा।इंदौर में 28 सितंबर 1929 को जन्मीं लता मंगेशकर का 92 साल की उम्र में मुंबई के एक अस्पताल में रविवार को निधन हो गया।

चौहान ने आज की शुरूआत भोपाल के स्मार्ट सिटी पार्क में भारत रत्न लता मंगेशकर की स्मृति में वट का पौधा लगाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लता जी के निधन से करोड़ों करोड़ भारतवासियों में से हर एक को यही लग रहा है कि मेरी व्यक्तिगत क्षति है। यह अपने आप में एक अनोखी घटना है कि हर घर को यह लग रहा है कि मेरा बहुत कुछ चला गया, क्योंकि उनके गीत लोगों में नवउत्साह एवं नवऊर्जा का संचार करते थे।

चौहान ने कहा, ‘‘उनका जाना ऐसी क्षति है जिसकी कभी पूर्ति नहीं हो सकती। लता जी के बिना ना संगीत जाना जाएगा, ना ही यह देश जाना जाएगा। लेकिन, यह सच है कि वह हमारे बीच गीतों के माध्यम से संगीत के माध्यम से सदैव बनी रहेंगी।’’ चौहान ने कहा कि आज मैंने उनकी स्मृति में संगीत जगत के हमारे ख्याति नाम साथियों के साथ वट वृक्ष लगाया है।


उन्होंने कहा, ‘‘उनका (लता का) जन्म मध्यप्रदेश के इंदौर में हुआ था और इसलिए यह फैसला हम लोग कर रहे हैं मध्यप्रदेश के इंदौर में उनके नाम से संगीत अकादमी स्थापित की जाएगी। संगीत महाविद्यालय जहां बच्चे सुरों की साधना करेंगे और एक ऐसा संग्रहालय जिसमें लता जी ने जो भी जब कुछ गाया है वह उपलब्ध रहेगा।’’ चौहान ने कहा, ‘‘वह संगीत शास्त्रों से चर्चा करके उसका क्या स्वरूप बने उसका निर्माण भी किया जाएगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इंदौर में ही उनकी प्रतिमा स्थापित की जाएगी जो सबको प्रेरणा देगी, क्योंकि, लता जी केवल संगीत के जगत की रोशनी नहीं थी वह देशभक्ति का भी एक ऐसा हस्ताक्षर थी जिससे पूरा देश यहां तक की बड़े-बड़े राजनेता भी प्रेरणा लेते थे।’’ चौहान ने कहा, ‘‘उनके जन्मदिन पर ही हर साल लता मंगेशकर पुरस्कार दिया जाएगा।’’

साथ ही ऐलान किया कि उनकी जन्मस्थली इंदौर में लता जी के नाम से संगीत अकादमी, संगीत महाविद्यालय, संगीत संग्रहालय स्थापित करने के साथ-साथ उनकी प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। इसके अलावा, उन्होंने कहाकि उनके जन्मदिन पर ही हर साल मध्यप्रदेश में लता मंगेशकर पुरस्कार दिया जाएगा। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!