घनश्याम कुमार ने मध्यप्रदेश को जिम्नास्टिक में दिलाया स्वर्ण पदक : हाकी में लड़के और लड़कियों की टीमों की जीत से शानदार शुरुआत

भोपाल  : “खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022” के छठे दिन मेजबान टीम ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए पदक संख्या में और वृद्धि कर ली। मध्यप्रदेश के जिम्नास्ट घनश्याम कुमार ने लक्ष्मीबाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन में पुरुषों की रिदमिक जिम्नास्टिक पोमेल हॉर्स में स्वर्ण पदक जीता।

ग्वालियर के लक्ष्मीबाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन में जम्मू और कश्मीर की मुस्कान राणा ने रिदमिक जिम्नास्टिक गर्ल्स इंडिविजुअल ऑल राउंड फाइनल में स्वर्ण पदक जीता। महाराष्ट्र की संयुक्ता काले और हरियाणा की लाइफ अदलखा ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक जीते। महिलाओं के कलात्मक जिम्नास्टिक ऑल राउंड फाइनल में महाराष्ट्र की सारा राऊल ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि रजत और कांस्य पदक क्रमशः पश्चिम बंगाल की जिम्नास्ट जिनिया देबनाथ और सौमिली करार ने जीते।

एमपी हॉकी अकादमी में दर्शकों को हॉकी पिच पर रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। इसमें मेजबान टीम का दबदबा सबसे खास रहा, क्योंकि लड़कों और लड़कियों की दोनों टीमों ने शानदार जीत के साथ हॉकी में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। जहाँ लड़कों की टीम ने उत्तर प्रदेश को 3-0 से हराया, वहीं लड़कियों ने पंजाब पर 6-0 से जीत हासिल की। पंचकुला में खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 में उप विजेता उत्तर प्रदेश को 3-0 पराजित कर मेजबान टीम का दबदबा बरकरार रखा।

मप्र हॉकी अकादमी में आज हुए अन्य खेलों में झारखंड की पुरुष और महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। झारखंड पुरुष टीम ने बिहार पर 6-1 से जीत दर्ज की, जबकि झारखंड महिला टीम ने मिजोरम को 5-0 से हराया। हरियाणा महिला टीम ने उत्तर प्रदेश को 3-2 से और पुरुष वर्ग में पंजाब ने ओडिशा को 5-3 से हराया। ओडिशा की लड़कियों की टीम ने मणिपुर को 2-0 से हराया और दिन के फाइनल मैच में हरियाणा और चंडीगढ़ के लड़कों ने 1-1 से ड्रॉ खेला।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter