घर की छत पर चढ़कर नहाते वक्त युवती का बनाया वीडियो : फिर किया दुष्कर्म, वायरल करने की धमकी दी; पीड़िता ने दर्ज कराई FIR

दतिया | धीरपुरा थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती ने मोहल्ले में रहने वाले एक युवक पर आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे प्रसारित करने की धमकी देने और इसी के जरिए दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि घटना के दौरान आरोपी ने उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी थी। इसी डर के चलते उसने तत्काल किसी को घटना की जानकारी नहीं दी। बाद में उसने अपने परिजनों को पूरी बात बताई और 14 अगस्त को धीरपुरा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

अकेली थी युवती, छत पर पहुंचकर वीडियो बनाने का आरोप  : शिकायत के मुताबिक, 16 मार्च की दोपहर युवती के माता-पिता खेत पर गए हुए थे और वह घर में अकेली थी। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाले युवक पर घर के पीछे की दीवार के रास्ते छत पर पहुंचकर बाथरूम में नहा रही युवती का वीडियो बनाने का आरोप है।

युवती का आरोप है कि वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद भी वह उसे लगातार धमकाता रहा।

जुलाई में दोबारा घर में घुसने का आरोप : पीड़िता के अनुसार, 3 जुलाई को आरोपी दोबारा उसके घर में आया, उस समय भी वह घर में अकेली थी। युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके साथ फिर से दुष्कर्म किया।

घटना के बाद धमकी और डर के कारण वह काफी समय तक चुप रही। बाद में परिजनों को जानकारी देने के बाद पुलिस से संपर्क किया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, साक्ष्यों की जांच जारी : धीरपुरा थाना प्रभारी भुवनेश शर्मा के अनुसार, युवती की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। आरोपी और घटना से संबंधित अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter