उप्र के भदोही में ग्राम प्रधान की हत्या, चुनावी रंजिश को लेकर कुल्हाड़ी से काट दिया गला

UP News : भदोही (उत्तर प्रदेश)। भदोही जिले में चुनाव की रंजिश को लेकर कोइरौना इलाके के बहपुरा शेरपुर गांव के प्रधान की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

भदोही के पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि यह घटना मंगलवार रात को लगभग 10 बजे हुई। उन्होंने बताया कि बहपुरा शेरपुर गांव के प्रधान कन्हैया लाल निषाद (52) देर शाम साइकिल से बाजार गए थे और देर रात घर लौटते वक्त उनकी कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी गई।

कुमार ने बताया कि उनका शव बुधवार सुबह गंगा किनारे कोइरौना थाना क्षेत्र में सड़क किनारे पाया गया। उन्होंने बताया कि लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में निषाद के भतीजे छोटे लाल निषाद ने गांव के ही निवासी ओम प्रकाश यादव, अरुण यादव और आशुतोष कुमार दुबे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि इसमें आरोप लगाया गया है कि प्रधान के चुनाव में कन्हैया लाल निषाद की जीत के बाद से ही इन आरोपियों की उनसे रंजिश हो गई थी।

कुमार ने बताया कि तीनों आरोपियों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि गांव में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!