दतिया। इंदरगढ़ क्षेत्र की खडौआ सेवा सहकारी समिति की उचित मूल्य दुकान पर शनिवार को कम राशन तौले जाने को लेकर हंगामा मच गया। दुकान पर राशन लेने पहुंचे लोगों ने सैल्समेन पर आरोप लगाया कि वह कांटे में गड़बड़ी कर कम राशन तौलकर हितग्राहियों को बांट रहा है। राशन कम तौले जाने के मामले ने तूल पकड़ा तो हडबड़ी में सैल्समेन ने दुकान से कांटा ही हटवा दिया और राशन वितरण रोक दिया।
उसका कहना था कि कांटे में खराबी आ गई है। इसलिए माल नहीं बंट सकेगा। सैल्समेन की इस हरकत पर राशन लेने खड़े लोग गुस्से में आ गए और हंगामा करने लगे। इस दौरान करीब 2 घंटे तक राशन वितरण रुका रहा। हंगामे की सूचना मिलने पर कनिष्ठ सहायक आपूर्ति अधिकारी दीपाली भदौरिया एवं तहसीलदार सुनील भदौरिया सोसाइटी की उचित मूल्य दुकान पर पहुंचे और नए कांटे से राशन वितरण शुरू कराया गया।
जिस समय हंगामा हुआ उस दौरान प्रशासनिक अधिकारीगण मैत्री मैच खेल रहे थे। जब उन्हें मैदान में इस बात की सूचना मिली तो वह मौके पर दौड़े। गौरतलब है िक अभी हाल ही में कलेक्टर ने राशन वितरण कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ समय पर करने के निर्देश संबंधितों को दिए थे। जिसके पालन में प्रशासनिक अधिकारियों की ढिलाई गरीबों के हक पर भारी पड़ रही है। शनिवार को खडौआ में यही िस्थति सामने आई। बताया जाता है कि इस सोसाइटी की राशन वितरण दुकान पर पूर्व में भी तीन बार कम माल तौलने और राशन में हेराफेरी की शिकायत पर सील करने की कार्रवाई हो चुकी है।
चक्की पर तौल में माल कम निकला तो मचा हंगामा
शनिवार को खडौआ सोसाइटी की दुकान पर हितग्राहियों को सैल्समेन गिरिजा शंकर राशन वितरण कार्य करा रहा था। इस दौरान हितग्राही हाकिमसिंह परिहार को जब उसके हिस्से का राशन 20 किलाे गेंहूं दिया गया, तो वह उसे लेकर सीधा आटा चक्की पर पहुंचा। जहां गेहूं तुलवाने पर उसमें करीब 2 किलो कम निकला। हाकिम ने गेंहूं को जब दूसरे स्थान पर ले जाकर तुलवाया तो वहां भी यही िस्थति निकलने पर वह वापिस गेंहूं लेकर सोसाइटी पहुंचा, जहां माल कम होने की शिकायत की। इस बात को सुनकर राशन ले चुके खुमान जाटव, नारान दास, धर्म नामदेव, रामस्वरुप विश्वकर्मा ने भी अपने गेहूं को अन्य जगह तुलवाया, जो दो-दो किलो कम निकला। इसके बाद तो वहां मौजूद लोग गुस्से में आ गए और हंगामा मच गया। हितग्राहियों के शोर शराबा को देखते हुए सैल्समेन ने आनन फानन में दुकान के कांटे को उठवाकर अन्यत्र भिजवा दिया।
अधिकारियों के सामने नए कांटे से बांटा गया राशन
हंगामा देख सैल्समेन ने दो घंटे के लिए राशन वितरण रोक दिया। इसकी शिकायत मौजूद लोगों ने अधिकारियों से की। जिसके बाद मौके पर पहुंचे तहसीलदार सुनील भदौरिया एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी दीपाली भदौरिया ने स्वयं खड़े होकर नए कांटे से लोगों को राशन वितरण कराया। दुकान पर मौजूद लोगों का आरोप था कि सोसाइटी सैल्समेन पूर्व में भी घटतौली करता रहा है। वह कई बार राशन सामग्री की हेरफरे भी कर चुका है। जिसकी शिकायत पर दुकान सील करने की कार्रवाई की गई थी। अधिकारियों ने लोगों को शांत कराया और मामले की जांच करने का आश्वासन दिया।


