एक साथ छह अजगर देख ग्रामीणों के उड़े होश : वन विभाग की टीम को भी रेस्क्यू में बहाना पड़ा पसीना

Datia news : दतिया। गांवों में एक साथ छह अजगर मिलने से ग्रामीणों के होश उड़ गए। सुबह के समय खेतों के रास्ते में ग्रामीणों ने एक बड़ा अजगर देखा तो घबरा गए। इसके बाद वन विभाग की टीम को खबर की गई। यह अजगर इंदरगढ़ के रिछोरा गांव में मिले। जिसकी खबर मिलने पर रेस्क्यू के लिए वन विभाग की टीम पहुंची। लेकिन जैसे ही उन्होंने एक अजगर पकड़ा ही था, तभी कुछ दूरी पर एक ओर अजगर दिखाई दिया।

फिर तो टीम को आशंका हुई कि उस क्षेत्र में आसपास और भी वन्यजीव हो सकते हैं। इस दौरान टीम ने रेस्क्यू शुरु किया गया तो आसपास छह अजगर वहां मिले। जिन्हें काफी मशक्कत के बाद पकड़ा जा सका।

वन विभाग की टीम में शामिल आधा दर्जन कर्मचारियों ने ग्रामीणों की मदद से किसी तरह अजगरों को काबू में लिया।इंदरगढ़ के ग्राम रिछोरा में टीम ने एक के बाद एक छह छोटे बड़े अजगर पकड़े और उन्हें सुरक्षित जंगल की ओर छोड़ा गया। मंडलाधिकारी मोहम्मद माज एवं उप वन मंडलाधिकारी प्रीति शाक्य ने संबंधित टीम को रेस्क्यू के लिए निर्देश दिए।

इस संबंध में वन परीक्षेत्र अधिकारी सेवढ़ा शैलेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि वन विभाग की टीम ने सूचना के बाद तत्काल मौके पर जाकर ग्रामवासियों के बीच फैली दहशत को खत्म करने का प्रयास किया।

साथ ही वन्य प्राणी की सुरक्षा को देखते हुए रेस्क्यू शुरु कराया। इस दौरान ग्राम से छह अजगरों को रेस्क्यू किया गया। जिन्हें उनके प्राकृतिक रहवास पर सकुशल छोड़ दिया गया। ग्राम से अजगर पकड़े जाने के बाद ग्रामवासियों ने राहत की सांस ली।

इधर एक साथ छह अजगरों के गांव में पाए जाने से ग्रामीणों में भय नजर आया। कुछ ग्रामीणों का कहना था कि अभी कुछ दिन सतर्कता बरती जाएगी।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter