चोरी के संदेह पर खूनी संघर्ष की कोशिश : थार सवार बदमाशों ने युवक पर दागी गोलियां, बाल-बाल बचा, वीडियो वायरल होने के बाद केस दर्ज

दतिया (उनाव)। जिले के उनाव थाना क्षेत्र अंतर्गत जनकपुर गांव में मोटर चोरी के संदेह को लेकर उपजा विवाद जानलेवा हमले में बदल गया। शुक्रवार को महिंद्रा थार से पहुंचे आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद युवकों ने एक 22 वर्षीय युवक पर कट्टे से सीधी फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली युवक को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद पुलिस ने शनिवार को नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

मोटर चोरी की पूछताछ बनी विवाद की वजह : फरियादी सत्यम यादव (22) निवासी जनकपुर के अनुसार, करीब 10 दिन पूर्व उसके घर से तीन टुल्लू मोटर चोरी हो गए थे। इसी बीच दुरसड़ा थाना क्षेत्र में पूर्व में टुल्लू चोरी के आरोप में पकड़े गए फूल सिंह कुशवाहा से सत्यम ने 3 सितंबर को सामान्य पूछताछ करते हुए पूछा था कि क्या मोटरें उसने तो नहीं चुराई हैं। इसी बात से नाराज होकर आरोपी पक्ष आक्रोशित हो उठा।

प्रतीक्षालय में बैठे युवक पर कट्टे ताने, दागीं गोलियां : पीड़ित ने दर्ज शिकायत में बताया कि शुक्रवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे वह अपने दादा संतोष यादव, चाचा अमित और शिवा यादव के साथ गांव के हनुमान मंदिर के पास स्थित यात्री प्रतीक्षालय में बैठा था। तभी इकारा गांव निवासी राजा गुर्जर, उसका पिता मोहर सिंह गुर्जर, चाचा जीतू गुर्जर, चचेरा भाई राज गुर्जर समेत दीपेश परिहार, हिमांशु सेन और आदर्श सेन थार गाड़ी में सवार होकर वहां पहुंचे।

गाड़ी से उतरते ही आरोपियों ने फूल सिंह पर चोरी का आरोप लगाने की बात को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। परिजनों के समझाने के प्रयास के बावजूद राजा गुर्जर, मोहर सिंह और दीपेश परिहार ने गाड़ी से अवैध कट्टे निकाल लिए और सत्यम को निशाना बनाकर सीधे फायर झोंक दिए। परिजन तुरंत बचाव में दौड़े, जिससे गोली निशाने से चूक गई।

जान से मारने की धमकी देकर थार से हुए फरार : हमले के बाद मौके पर चीख-पुकार मचने पर आरोपी थार में सवार होकर भाग निकले। जाते-जाते उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोबारा फूल सिंह कुशवाहा से कुछ भी कहा तो जान से खत्म कर दिया जाएगा।

मामले की पुष्टि करते हुए उनाव थाना प्रभारी अंशुल अरोरा ने बताया कि फरियादी सत्यम यादव की रिपोर्ट पर नामजद आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मौके से जुटाए गए साक्ष्यों और सामने आए वीडियो फुटेज के आधार पर जांच कर रही है; फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter