भांडेर के सालोन बी में हिंसक बवाल : बिजली सब स्टेशन विवाद में चली गोलियां, आधा दर्जन बाइकें फूंकी; चार ग्रामीण घायल

दतिया | भांडेर क्षेत्र के पंडोखर थाना अंतर्गत ग्राम सालोन बी में गुरुवार देर रात बिजली सब स्टेशन को लेकर चल रहा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। ग्रामीणों का आरोप है कि पड़ोसी गांवों से बड़ी संख्या में लोग गांव पहुंचे और जमकर हंगामा किया।

इस दौरान कई स्थानों पर तोड़फोड़, आधा दर्जन से अधिक मोटरसाइकिलों में आगजनी तथा हवाई फायरिंग किए जाने के आरोप लगाए गए हैं। घटना में चार ग्रामीण घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

आधा दर्जन से अधिक बाइकें जलीं, गांव में मचा हड़कंप : ग्रामीणों के अनुसार हरदई, तैंतना, धनपीपरी और ईटारोरा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग बाइकों पर सवार होकर सालोन बी पहुंचे।

आरोप है कि कुछ लोगों के हाथों में लाठी-डंडे, पत्थर और देशी कट्टे थे। गांव में प्रवेश करते ही कई स्थानों पर विवाद हुआ और उसके बाद कृषि मंडी तथा बीएसएनएल टावर क्षेत्र के पास खड़ी आधा दर्जन से अधिक मोटरसाइकिलों में आग लगा दी गई। घटना से पूरे

गांव में अफरा-तफरी का माहौल : ग्रामीणों ने किया पीछा, फायरिंग और मारपीट के आरोप घटना की जानकारी मिलते ही सालोन बी के ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्र हो गए।

ग्रामीणों का दावा है कि उन्होंने उपद्रवियों का पीछा किया, जिसके दौरान हवाई फायरिंग की गई और पत्थरबाजी व मारपीट भी हुई। इस घटना में शिक्षक जहार सिंह रावत और रतिराम धाकड़ सहित चार लोग घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

बिजली सब स्टेशन बना विवाद की वजह : बताया जा रहा है कि गांव में निर्माणाधीन नए बिजली सब स्टेशन से आसपास के गांवों को विद्युत आपूर्ति जोड़ने की मांग को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। गुरुवार दोपहर हुई कहासुनी के बाद मामला देर रात हिंसक रूप ले बैठा।

तीन थानों की पुलिस पहुंची, जांच जारी : घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए आसपास के तीन थानों का पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटनाक्रम में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!