नवग्रह शक्ति पीठ में ‘अपने-अपने राम’ कथा का शुभारंभ, कुमार विश्वास ने सुनाए राम-नाम और नवग्रहों के प्रेरक प्रसंग

डबरा : स्थित नवग्रह शक्ति पीठ में चल रहे प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत तीन दिवसीय रामकथा ‘अपने-अपने राम’ का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर प्रसिद्ध कवि और वक्ता कुमार विश्वास ने अपनी विशेष शैली में कथा प्रस्तुत करते हुए श्रद्धालुओं को रामभक्ति और जीवन-मूल्यों से जोड़ा।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by NAROTAM MISHRRA (@drnarottammisra)

कथा के पहले दिन कुमार विश्वास ने नवग्रहों की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भारतीय परंपरा में ग्रह केवल ज्योतिषीय तत्व नहीं, बल्कि मानव जीवन के गुण, प्रवृत्ति और कर्म के प्रतीक भी हैं। उन्होंने समझाया कि जब व्यक्ति अपने जीवन में अनुशासन, सेवा और संयम को अपनाता है, तो ग्रहों के प्रभाव भी अनुकूल होने लगते हैं।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, कैबिनेट मंत्री इंदर सिंह परमार, कैबिनेट मंत्री करण सिंह वर्मा, पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा, पूर्व मंत्री सुरेश राठखेड़ा, पूर्व सांसद केपी यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर रावत सहित कई

जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। सभी अतिथियों का स्वागत प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा ने किया। रविवार को मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव नवग्रह मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होंगे।

रामकथा के माध्यम से जीवन दर्शन
रामकथा के विभिन्न प्रसंगों के जरिए उन्होंने यह संदेश दिया कि भगवान राम का चरित्र केवल एक ऐतिहासिक कथा नहीं, बल्कि हर युग के लिए जीवन जीने की एक संपूर्ण पद्धति है। उन्होंने कहा कि सत्य, मर्यादा और करुणा के मार्ग पर चलने वाला व्यक्ति किसी भी संकट से विचलित नहीं होता। राम-नाम को उन्होंने आत्मबल और विश्वास का सबसे बड़ा आधार बताया।

सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रबोध
कुमार विश्वास ने बदलते सामाजिक परिदृश्य पर भी विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि आज का युवा अपनी जड़ों की ओर लौट रहा है और आध्यात्मिक स्थलों, तीर्थों और सांस्कृतिक विरासत में नई रुचि दिखा रहा है। यह भारत की सांस्कृतिक पुनर्जागरण की एक महत्वपूर्ण झलक है।


20 फरवरी तक चलेगा प्राण-प्रतिष्ठा एवं धर्मकुंभ : नवग्रह शक्ति पीठ पर आयोजित प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव एवं धर्मकुंभ 20 फरवरी 2026 तक चलेगा।

● 14 से 16 फरवरी तक कुमार विश्वास की ‘अपने-अपने राम’ कथा का आयोजन होगा।
● 17 से 20 फरवरी तक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा कथा व प्रवचन होंगे।
● प्रतिदिन रात्रिकालीन समय में वृंदावन की सर्वेश्वर लीला समिति द्वारा रासलीला का मंचन भी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण रहेगा।

यह महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बन रहा है, बल्कि डबरा को सांस्कृतिक और आध्यात्मिक दृष्टि से एक नई पहचान भी दिला रहा है, जहाँ श्रद्धालु भक्ति, विचार और परंपरा के संगम का अनुभव कर रहे हैं।

एक दिन पूरी दुनिया पीठ के सामने होगी नतमस्तक : डबरा स्थित नवग्रह शक्ति पीठ में चल रहे प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के चौथे दिन सायंकाल श्रीमलूकपीठाधीश्वर स्वामी राजेंद्रदास जी महाराज के दिव्य प्रवचन ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

स्वामी राजेंद्रदास जी महाराज ने अपने सरल, सहज और प्रभावशाली शब्दों में भक्ति, सेवा और सनातन संस्कृति के महत्व को रेखांकित किया।

उन्होंने कहाकि ईश्वर की भक्ति से ही जीवन में शांति, संतुलन और सद्भाव का संचार होता है। एक दिन पूरी दुनिया नवग्रह शक्ति पीठ के सामने नतमस्तक होगी । उनके प्रवचनों के दौरान पूरा पंडाल श्रद्धा और आस्था से सराबोर दिखाई दिया।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter