कांग्रेस में फूटे विरोध के स्वर: सेवढ़ा विधायक ने जारी किया पत्र, लिखा नई कार्यकारिणी के लिए नहीं ली कोई सहमति

Datia News : दतिया । जिला कार्यकारिणी घोषित होने के अगले ही दिन कांग्रेस में विरोध के स्वर फूटने लगे हैं। इसे लेकर जहां सेवढ़ा विधायक ने पत्र जारी कर कहा कि उनसे कार्यकारिणी को लेकर कोई सहमति नहीं ली गई वहीं भांडेर में कांग्रेस का परचम लेकर घूमने वाले भानू ठाकुर भी नई कार्यकारिणी में सिर्फ शहर को ही महत्व दिए जाने पर विरोध जताया है।

उनका आरोप है कि वर्षों से पार्टी के लिए काम करने वालों को जिलाध्यक्ष ने दरकिनार कर दिया। वहीं कांग्रेस नेता अन्नू पठान ने भी नई कार्यकारिणी को लेकर असंतोष जाहिर किया है। अगर पार्टी सूत्रों की मानें तो जिला कार्यकारिणी में शामिल किए गए कुछ नेता इस्तीफा देने की तैयारी में है।

लंबे इंतजार के बाद पंचायत चुनाव सिर पर आते ही घोषित की गई कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी को लेकर कांग्रेस की गुटबाजी एक बार फिर सड़कों पर आ गई है।

जहां एक ओर सेवढ़ा विधायक घनश्याम सिंह ने सोमवार को एक पत्र जारी करके कह दिया कि इस कार्यकारिणी के विस्तार में उनसे कोई सहमति नहीं ली गई।

इस मामले में भ्रामक प्रचार किया जा रहा है। वहीं जब विधायक के पत्र के बारे में जिलाध्यक्ष अशोक दांगी बगदा से पूछा गया तो उनका कहना था कि विगत 25 जुलाई को ही व्हाट्सएप करके विधायक सिंह से सहमति ले ली गई थी।

उसके बाद भी अगर विधायक इस प्रकार का बयान दे रहे हैं तो वे क्या कह सकते हैं। इस घटनाक्रम के बाद बताया जा रहा है कि कार्यकारिणी में जो सदस्य लिए गए वे भी अब इस्तीफा देने पर आमादा हैं। आगामी दो दिनों में कार्यकारिणी में इस्तीफों का दौर शुरू होने वाला है।

जिला कांग्रेस की कार्यकारिणी को लेकर कार्यकर्ताओं में असंतोष है। उनकी नाराजगी सामने आने लगी है। वैसे ही कांग्रेस का एक धड़ा जिला कांग्रेस अध्यक्ष को हटाने की पैरवी प्रियंका गांधी वाड्रा के सामने उनके दतिया प्रवास के दौरान कर चुका है।

वहीं ब्राहम्ण गौरव मंच ने भी जिलाध्यक्ष को हटाने के लिए प्रदेश अध्यक्ष से मांग की है। मांग पूरी न होने पर दिसंबर माह में धरना प्रदर्शन की चेतावनी भी दी है।

इसी बीच जिला कार्यकारिणी की घोषणा के बाद उठे विरोध के स्वर ने जिलाध्यक्ष बगदा की परेशानी और बढ़ा दी। सबको साधने में वह कितना सफल हो पाते हैं यह तो आने वाला समय ही बता पाएगा।

प्रदेश महामंत्री ने जताया विरोध

सेवढ़ा विधायक घनश्याम सिंह के निवास पर प्रदेश महामंत्री भानु ठाकुर ने मीडिया को बताया कि मैं विगत 15 सालों से भांडेर विधानसभा से पार्टी की राजनीतिक कर रहा हूं, पर जिला अध्यक्ष द्वारा जिले की कार्यकारिणी घोषित की गई है, उसे लेकर मेरे कार्यकर्ताओं में भारी असंतोष है।

जिला अध्यक्ष द्वारा कार्यकारिणी में केवल दतिया शहर के कार्यकर्ताओं को लिया गया है। जो लोग कई वर्षों से पार्टी का झंडा लेकर कार्य कर रहे हैं, उन पर ध्यान ही नहीं दिया गया। अध्यक्ष ने केवल अपने लोगों को ही कार्यकारिणी में लिया है, जिसका मैं विरोध करता हूं।

इस अवसर पर कांग्रेस नेता अन्नू पठान ने कहाकि कांग्रेस जिला अध्यक्ष को कार्यकारिणी घोषित करने से पहले पार्टी कार्यालय पर वरिष्ठ नेताओं से बात करनी चाहिए थी। जिला अध्यक्ष द्वारा ऐसा नहीं किया गया, जो गलत है। गौरतलब है कि अन्नू पठान उस धड़े से जो कांग्रेस जिलाध्यक्ष अशोक दांगी बगदा के विरोध में खड़ा है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!