वोट डालने पहुंचे मतदाताओं को लौटना पड़ा बैरंग,सूची से नाम काट जाने से परेशान हुए लोग
 दतिया. भांडेर विधानसभा के उपचुनाव में कई ऐसे ग्रामीण भी हैं जो अपना वोट डालने से इस बार वंचित रह गए, जिनके नाम मतदाता सूची से बिना उनकी जानकारी के काट दिए गए। जिसके कारण जब वह अपना वोट डालने मतदान केंद्र पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि उनका नाम सूची में ही नहीं है। जबकि पिछले कई सालों से वह इसी क्षेत्र से मत डालते रहे हैं। ऐसा एक मामला सामने आया जब ग्राम सेंथरी निवासी दिवाकर शर्मा पुत्र गिरजा शंकर शर्मा गांव के मतदान केंद्र पर वोट डालने अपना मतदाता पहचान पत्र लेकर पहुंचे तो उन्हें वहां बैठे कर्मचारियों ने बताया कि वह वोट नहीं डाल सकते क्योंकि मतदाता सूची में उनका नाम ही नहीं है। वोट न डाल पाने से निराश दिवाकर को वापिस लौटना पड़ा।

इस संबंध में शिकायत करते हुए दिवाकर शर्मा ने बताया कि उनका जन्म सेंथरी गांव में हुआ है। गांव में ही उनकी जमीन है। वह कई वर्षों से इसी क्षेत्र से लगातार मतदान करते रहे हैं। लेकिन इस बार उनका व उनकी मां कृष्णा देवी एवं 20 वर्षीय पुत्र शिवम शर्मा का नाम मतदाता सूची से गायब था। इस कारण वह और उनका परिवार उप चुनाव में मतदान नहीं कर सके। उनका आरोप है कि गांव में पदस्थ किए गए बीएलओ ने बिना जानकारी लिए उनका नाम सूची से काट दिया। जिसका वह मतदान से वंचित हो गए। वहीं बीएलओ ज्ञानसिंह बघेल का इस मामले में कहना है कि किसी ने गलत जानकारी देकर उनका नाम सूची से कटवाया है। उनका नाम सूची में जल्दी जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter