शासकीय अस्पतालों में मिलेगा एडवांस डेंटल ट्रीटमेंट : नई डेंटल यूनिट्स लगाने 40 करोड़ की दी स्वीकृति

भोपाल  : लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने कहा है कि शासकीय चिकित्सालयों में एडवांस डेंटल ट्रीटमेंट की सुविधा उपलब्ध कराने के लिये जिला अस्पताल, सिविल अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में नई डेंटल क्लीनिक स्थापित की जा रही हैं। इनकी स्थापना के लिये 40 करोड़ रूपये की राशि मंजूर की गई है। अगले 2 माह की समय-सीमा में डेंटल यूनिट्स को क्रियाशील बनाने के लिये अधिकारियों को कहा गया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने बुधवार को मंत्रालय में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान यह जानकारी दी।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि नवीन डेंटल इकाइयों में रूट-केनाल ट्रीटमेंट, अक्कल दाड़ की सर्जरी, पायरिया का ट्रीटमेंट, जबड़ा फ्रेक्चर ट्रीटमेंट, छोटे बच्चों के दाँतों का ट्रीटमेंट विशेषकर छोटे बच्चों के दाँतों में होने वाली समस्याओं जैसे नस का उपचार, दाँत निकालना, पक्के दाँत आने तक दाँत की जगह सुरक्षित रखना, दाँतों में पस का उपचार, दाँतों की केविटी में पर्मानेंट फिलिंग सहित दाँतों की अन्य बीमारियों का ट्रीटमेंट शामिल है।

उन्होंने कहा कि नवीन डेंटल क्लीनिक्स में 55 प्रकार के उपकरण उपलब्ध कराये जायेंगे। प्रत्येक जिला चिकित्सालय में 3 डेंटल चेयर के सेट, सिविल अस्पताल में 2 डेंटल चेयर सेट और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में एक डेंटल चेयर सेट रहेगा। इस तरह से अस्पताल में डेंटिस्ट, स्टॉफ और उपकरण उपलब्ध कराये जायेंगे।

यह उपकरण रहेंगे डेंटल यूनिट में : डेंटल यूनिट्स में उपलब्ध कराये जा रहे एडवांस उपकरणों में डेंटल चेयर, आरव्हीजी एक्स-रे सेंसर्स, रूट-केनाल ट्रीटमेंट के लिये एपेक्स लोकेटर के साथ एण्डो मोटर, अल्ट्रासोनिक क्लीनर, अल्ट्रासोनिक स्केलर आदि शामिल हैं। साथ ही जे.पी. हॉस्पिटल भोपाल में ओपीजी एक्स-रे मशीन, डायोड लेजर, फिजियो डिसपेंसर, इलेक्ट्रोकॉटरी मशीन, पीज़ोइलेक्ट्रिक मशीन भी उपलब्ध कराई जायेगी।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि नागरिकों को बेहतर डेंटल उपचार उपलब्ध कराने के लिये नवीन डेंटल यूनिट्स लगाई जा रही हैं। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान, स्वास्थ्य आयुक्त डॉ. सुदाम खाड़े और अन्य अधिकारी समीक्षा बैठक में उपस्थित थे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!