दतिया । अनुभाग के बड़ौनकला के शासकीय माध्यमिक विद्यालय में भीषण आग लगने से जहां स्कूल का रिकॉर्ड जलकर खाक हो गया । वहीं आग लगने के कारण स्कूल की इमारत भी क्षतिग्रस्त हो गई। फिलहाल आग लगने के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है । गोराघाट थाना क्षेत्र पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार गोराघाट थाना क्षेत्र में स्थित बड़ौनकला िस्थत सरकारी स्कूल में अचानक आग लगने की घटना से वहां अफरा-तफरी मच गई । आग लगने के कारणों के पीछे कई तरह की चर्चाएं हैं, फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है । आग लगने के कारणों के बारे में आसपास के ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है । इस घटना में स्कूल की आरसीसी छत और दीवार भी क्षतिग्रस्त हुई है, साथ ही स्कूल का रिकॉर्ड भी जलकर राख हो गया है।
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक स्कूल में भड़की आग ने देखते ही देखते भीषण रुप ले लिया । जिसके कारण वहां बने कमरों में भी आग की लपटें पहुंच गई। जिससे स्कूल के कमरों में रखा रिकार्ड जलकर राख हो गया। स्कूल में धधक रही आग को आसपास के लोगों ने बुझाने का प्रयास किया। इस आगजनी में हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। आग कैसे लगी इसके कारणों की भी तलाश पुलिस कर रही है। पुलिस का मानना है कि स्कूल परिसर में सर्दी के दिनों में आग तापने के दौरान उठी चिंगारी से शायद आग लगी हो, फिलहाल पुलिस कारणों की छानबीन कर रही है।

