अस्पताल के वार्ड वाय को डांस पड़ा महंगा : वीडियो वायरल होते ही सीएस ने किया सस्पेंड, दो अन्य गार्ड पर भी हुई कार्रवाई

Datia News : दतिया। जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर के इमरजेंसी वार्ड में डांस कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर डालने वाले वार्ड वाय को अस्पताल प्रबंधन ने निलंबित कर दिया है। उक्त वार्ड वाय ने अपने कुछ साथियों के साथ फिल्मी गाने पर एक डांस वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया था। जिसके बाद से यह चर्चा में आ गया।

इस मामले को वरिष्ठ अधिकारियों ने संज्ञान में लिया और वार्ड वाय पर निलंबन की कार्रवाई करते हुए वीडियो में दिख रहे दो सिक्योरिटी गार्ड को भी अस्पताल के काम से पृथक करने को लेकर संबंधित कंपनी को पत्र भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर सुर्खियों में आने को लेकर जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में पदस्थ वार्ड वाय चतुर्भुज शुक्ला ने गार्ड दिलीप और रविंद्र यादव के साथ आइटम सान्ग ‘पतली कमरिया’ पर वीडियो बनाया। जो वायरल हो गया।

वीडियो रात के समय बनाया गया था। अस्पताल के ट्रामा सेंटर जैसे स्थान पर अस्पताल स्टाफ की इस हरकत को लेकर कार्रवाई की मांग की जाने लगी। जिसके बाद मामला वरिष्ठ अधिकारियों ने संज्ञान में लिया।

इस संबंध में कार्रवाई करते हुए सिविल सर्जन केसी राठौर ने वार्ड वाय चतुर्भुज शुक्ला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही वीडियो में नजर आ रहे दोनों सिक्योरिटी गार्ड को अस्पताल के कार्य से पृथक किए जाने को लेकर सिक्योरिटी कंपनी को पत्र लिखकर ताकीद की है। अस्पताल के कर्मचारियों की इस हरकत का वीडियो कब और किसने बनाया है। इस बात की जांच भी अस्पताल प्रबंधन की ओर से कराए जाने की जानकारी मिली है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!