Datia News : दतिया । रक्तदान से किसी का जीवन बच सकता है। इसके लिए सभी की जिम्मेदारी बनती है कि वह उन लोगों की मदद के लिए आगे आएं, जो अस्पतालों में ब्लड की कमी के कारण जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं। यह बात अपर जिला न्यायाधीश मुकेश रावत ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दतिया द्वारा जिला अस्पताल में आयोजित रक्तदान शिविर के दौरान कही।
उन्होंने कहाकि ब्लड बैंकों में खून की कमी के कारण जरुरतमंद मरीज को समय पर ब्लड नहीं मिल पाने की परिस्थितियों पर विचार करते हुए मप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर ने रक्तदान शिविरों के आयोजन के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी के कारण ब्लड बैंकों में भी रक्त की कमी हुई है। इसलिए अब रक्त की कमी को दूर करने के लिए रक्तदान शिविर का समय-समय पर आयोजन किया जाएगा।
रक्तदान शिविर में अति. मुख्य कार्यपाल अधिकारी धनंजय मिश्रा, अंकिता शाडिल्य जिला विधिक सहायता अधिकारी एवं सुनील त्यागी सहित पैरालीगल वालेंटियर्स एवं समर्पण नशा मुक्ति केंद्र के स्टाफ सहित कुल 12 यूनिट रक्तदान किया गया। इस अवसर पर ब्लड बैंक के डा.जयभारत सिंह, डा.प्रधान, संजय भार्गव, पैरालीगल वालेंटियर्स अंकिता श्रीवास्तव, सतेंद्र दिसोरिया, फरीन खान एवं तन्वी अरजरिया उपस्थित रहे।


