कोलकाता : बंगाल विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा राज्य इकाई के शीर्ष नेताओं के साथ बैठक करने जा रहे हैं। प्रदेश भाजपा की ओर से बताया गया है कि 26 जून को यह बैठक होगी। भाजपा अध्यक्ष दिल्ली से वर्चुअली बैठक में हिस्सा लेंगे।
कोलकाता के हेस्टिंग्स स्थित भारतीय जनता पार्टी के चुनावी कार्यालय से बैठक का संचालन होगा। इसमें प्रदेश के सभी बड़े नेता शामिल होंगे। बताया गया है कि संगठन को मजबूत रखने के लिए केंद्रीय नेता हर माह बंगाल का दौरा भी करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष के अलावा सायंतन बसु, जयप्रकाश मजूमदार और अन्य नेताओं को बैठक के लिए पार्टी दफ्तर में उपस्थित रहने को कहा गया है। इसके अलावा जिलाध्यक्षों को वर्चुअल तरीके से बैठक में हिस्सा लेने को कहा गया है। प्रदेश भाजपा नेताओं को एक सूची तैयार करने को कहा गया है जिसमें चुनाव में हार के कारणों का उल्लेख रहेगा।
सूत्रों का कहना है कि बंगाल के राजनीतिक मोर्चे पर भाजपा पूरी ताकत से खड़ी रहेगी। पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व राज्य के हालात पर पूरी नजर रखे हुए है और हर महीने दौरा कर केंद्रीय नेता कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाएंगे। भाजपा के सामने अगला लक्ष्य 2024 का लोकसभा चुनाव है, जिसके लिए राज्य में पार्टी को मजबूत बनाना है।