Datia News : दतिया। नपं भांडेर में ठेका प्रथा को लेकर विरोध कर रहे कर्मचारी दूसरे दिन बुधवार को भी हड़ताल पर रहे। इस बीच सीएमओ ने हड़ताल कर रहे कर्मचारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना, लेकिन मांग न माने जाने के कारण गतिरोध बना रहा। ठेके पर कार्यरत कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने की वजह से स्थायी कर्मचारी ही नपं की विभिन्न शाखाओं में काम करते दिखे। चूंकि स्टाफ कम था, लिहाजा काम का दबाव भी दिखा। बुधवार को सुबह हड़ताली कर्मचारियों ने ठेका प्रथा का विरोध करते हुए कुछ समय प्रदर्शन किया।
ठेके पर कार्यरत कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने के कारण कामकाज प्रभावित होने पर आउट सोर्स कंपनी शर्मा सिक्योरिटी एजेंसी ठाठीपुर ग्वालियर जिसे गत वर्ष जुलाई में ठेका दिया गया था, उसके कांट्रेक्टर बुधवार सुबह कुछ नए कर्मचारियों को लेकर नपं पहुंच गए। जिन्हें देखकर हड़ताली कर्मचारी विरोध पर उतर आए। विरोध प्रदर्शन के अागे नए कर्मचारियों को वापिस लौटना पड़ा।
तीन में से मानी दो मांगे
अपनी तीन मांगों को लेकर हड़ताल पर गए कर्मचारियों से सीएमओ नप विजयबहादुर सिंह ने मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान कर्मचारियों ने तीन मांगों को प्रमुखता से उनके सामने रखी, जिसमें वेतन संबंधित कर्मचारी के खाते में डालने, पीएफ कटौती राशि संबंधित कर्मचारी के खाते में नियमित पहुंचाने तथा ठेका प्रथा समाप्त कर पुरानी व्यवस्था मस्टर-संविदा के तहत ठेके पर कार्यरत कर्मचारियों की पुनः बहाली की शामिल रही। जिसमें से दो मांगों पर सहमति बनी। लेकिन अंतिम तीसरी मांग पर गतिरोध बरकरार रहा। ऐसे में हड़ताली कर्मचारियों ने काम पर अगले दिन भी लौटने से मना कर दिया।
नपं भांडेर सीएमओ विजयबहादुर सिंह का कहना है कि हड़ताली आउटसोर्स कर्मचारियों से उनकी तीन मांगों पर चर्चा हुई। तीन में से दो मांगों को मान लिया गया। लेकिन तीसरी मांग मेरे अधिकार क्षेत्र ने नहीं आती। अब ऐसे में आउटसोर्स एजेंसी से कहा गया है कि हड़ताली कर्मचारियों के स्थान पर नए कर्मचारी उपलब्ध कराए ताकि नगर और कार्यालय की व्यवस्था प्रभावित न हो।