मंत्री पहुंची छात्रावास तो नजर आई जगह की कमी : अलग-अलग छात्रावासों के साथ वहां मिलेगी वाईफाई और जिम की सुविधा

Datia News : दतिया। दतिया में ओबीसी और अजा वर्ग के अलग-अलग छात्रावासों की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही इन छात्रावासों में बच्चों को आधुनिक सुविधाएं भी मिलेंगे। इसके लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। यह बात पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने शुक्रवार को दतिया प्रवास के दौरान बुंदेला कालोनी स्थित शासकीय पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास के निरीक्षण करते समय कही।

दतिया जिले में पिछड़ा वर्ग और अजा वर्ग के लिए अलग-अलग छात्रावास की व्यवस्था करने के जल्दी प्रयास किए जाएंगे। ताकि ओबीसी के पृथक 50 सीटर छात्रावास में बालिकाओं को सुविधाएं मिल सके। इसके साथ ही प्रदेश भर के सभी छात्रावासों में सुविधाओं का विस्तार भी किया जाएगा।

मंत्री गौर ने कहाकि ओबीसी और अजा वर्ग के दोनों छात्रावासों का एकसाथ संचालन होने से बच्चों को जगह की कमी की समस्या सामने आई है। जिसको लेकर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहाकि सरकार राज्य में पिछड़े वर्ग के बच्चों के लिए छात्रावास सुविधाओं का विस्तार करने की योजना बना रही है।

अब पिछड़ा वर्ग के बच्चों को छात्रावास में वाई-फाई, सोलर पैनल, ई-लाइब्रेरी और फिटनेस सुविधाओं के लिए जिम की सुविधाएं जल्दी देने की योजना है। निरीक्षण के दौरान कन्या छात्रावास पहुंचने पर छात्राओं ने उन्हें पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। उन्होंने छात्रावास में रहने वाले बच्चों से बातचीत कर उनकी समस्याओं के बारे में पूछा।

मंत्री कृष्णा गौर ने छात्राओं से कहाकि सविता बाई फुले के प्रयासोें से ही आज महिलाएं शिक्षा ग्रहण कर पा रही हैं। सरकार पूरा प्रयास कर रही है कि बच्चों को सारी सुविधाएं व बेहतर वातावरण छात्रावासों में दिया जाएं। छात्रावास के निरीक्षण के दौरान पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग सहायक संचालक सफलता दुबे उनके साथ थी। इससे पहले दतिया पहुंचने पर मंत्री गौर ने पीतांबरा पीठ पहुंचकर माई के दर्शन किए।

ग्वालियर में कई समारोह में दी उपस्थिति : प्रवास के दौरान श्री हनुमान मंदिर जौरासी में माँ संपूर्णा अष्ट महालक्ष्मी धाम मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह में अयोजित “कलश यात्रा” में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ अर्जित किया। इस अवसर पर जौरासी मंदिर समिति के सम्मानित वरिष्ठ पदाधिकारीगण, मातृशक्ति एवं युवा साथी उपस्थित रहे

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter