पुलिस पहुंची तो जुआ फड पर बाइकें छोड़ भागे जुआरी : नगदी भी हुई जप्त, इधर चोरी के वाहन पर घूमता मिला बदमाश

Datia news : दतिया । जुआ फड पर हारजीत का दांव लगने की सूचना जब पुलिस को मिली तो वहां दविश दी गई। जुआरियाें को पुलिस के आने की आहट लगी तो ताश पत्ते छोड़कर वह भाग खड़े हुए। इस दौरान जहां तीन जुआरी भाग निकले वहीं दो पुलिस के हाथ आ गए। इस भागमभाग में जुआरी अपनी पांच बाइकें भी मौके पर छोड़ गए। जिन्हें पुलिस उठा लाई।

उनाव थाना पुलिस ने ग्राम खैरी में जुआ फड पर दी दविश देकर वहां से 19 हजार रुपये नगदी व पांच बाइकें बरामद की। जिनकी कुल कीमत तीन लाख 70 हजार रुपये पुलिस ने आंकी है। थाना प्रभारी रामसेवक शर्मा ने बताया कि बृजेंद्र कमरिया की कोठी के पीछे नाले के पास ग्राम खैरी में जुआ फड से आरोपित रामसिंह भदौरिया भांडेर एवं विक्की यादव रिछरा फाटक दतिया को मौके से गिरफ्तार किया गया।

जबकि पपीते उर्फ जितेंद्र यादव देवरा भांडेर व अन्य दो आरोपित मौके से फरार हो गए। जिनके विरुद्ध जुआ एक्ट का मामला पंजीबद्ध किया गया है। इस कार्रवाई में सउनि नीरज सिंह विमल, सउनि मनीष अतरौलिया, मनोज अंब, मुकेश सगर की भूमिका रही।

लांच पुलिस ने पकड़ी चोरी की बाइक : वहीं लांच थाना पुलिस ने चैकिंग के दौरान गुरुवार रात दो आरोपित को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक 315 बोर का लोडेड कट्टा जिंदा कारतूस सहित चोरी की बाइक भी जप्त की है।

थाना प्रभारी सविता शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपित अंकित पुत्र जयचंद साहू और चतुर सिंह उर्फ हल्के प्रजापति पुत्र अमान प्रजापति निवासीगण कुठोंदा को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से चोरी की हीरो स्पिलेंडर बाइक क्रमांक एमपी 07 एनजे 5290 बरामद की गई है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter