गांव वालों ने ललकारा तो स्कार्पियों से आए बदमाश उल्टे पांव भागे, सरपंच के मकान को बना रहे थे निशाना, पुलिस ने मौके से जप्त किया वाहन

Datia News : दतिया। चोरी की नियत से ग्राम खरग में घुसे अज्ञात चोरों को ग्रामीणों की सतर्कता से उल्टे पांव भागना पड़ा। ग्रामीणों के ललकारने पर अज्ञात चोर जिस स्कार्पियो वाहन से आए थे, उसे भी गांव में ही छोड़कर जान बचाकर भाग खड़े हुए।

ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि काफी दूर तक उनका पीछा किया गया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर उक्त बदमाश पहाड़ी की ओट में भाग निकले।

ग्रामीणों के मुताबिक चोर संख्या में 4 से 5 थे। जिन्हें भागते हुए लोगों ने अपनी आंखों से देखा। पुलिस ने घटना के संबंध में लखन यादव की रिपोर्ट पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला भी दर्ज किया है।

थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने बताया कि अज्ञात चोर गांव के सरपंच लखन यादव के मकान में घुसने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें आहट लगी और वह परिवार सहित जाग गए।

इसके बाद शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की भीड़ देख चोरों को उल्टे पांव भागना पड़ा। थाना प्रभारी ने बताया कि हाल ही में उन्होंने अज्ञात चोरों की मूवमेंट के चलते जिगना थाना क्षेत्र में मुनादी कराकर ग्रामीणों काे अलर्ट किया था।

साथ ही किसी संदिग्ध के दिखने पर पुलिस को सूचना देने की भी समझाइश दी गई थी। जिसका असर हुआ और अज्ञात चोर अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो पाए।

थाना प्रभारी ने बताया कि मौके से एक नई स्कार्पियों जप्त की गई है। जिस पर अभी नंबर तक नहीं है। लेकिन जानकारी मिली है कि यह वाहन उप्र का है। उन्होंने दावा किया कि पुलिस जल्दी ही सुराग लगाकर उक्त बदमाशों को दबोच लेगी।

ग्रामीणों ने रास्ते में अड़ा दिया ट्रैक्टर

ग्राम खरग के लोगों ने बताया कि गांववालों को आता देख बदमाशों ने कार से भागने की कोशिश भी की, लेकिन बाद में उन्हें गाड़ी छोड़कर भागना पड़ा। बदमाशों को कार से भागता हुआ देख ग्रामीणों ने गांव के रास्ते पर ट्रैक्टर अड़ा दिया ताकि बदमाश वाहन से न भाग सके।

इसके बाद उक्त बदमाशों को वाहन छोड़कर भागना पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी के कारण हमने खुद ही गश्त करने का फैसला किया है। रविवार रात करीब 12 बजे हमें एक कार आती दिखाई दी, इस पर ग्रामीण सतर्क हो गया।

कार आकर एक किनारे रुकी और उसमें से चार से पांच हथियारबंद बदमाश बाहर निकले। वे घूमकर घरों में रैकी करने लगे। इस दौरान वह सरपंच लखन यादव के मकान में घुसने की कोशिश कर रहे थे। तभी शोर शराबा हो गया। इधर ग्रामीणों की सूचना थाना प्रभारी भास्कर शर्मा और डायल हंड्रेड वाहन भी मौके पर पहुंच गया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!