दतिया । जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। नारी का सम्मान होगा तो संस्कृति का भी उत्थान होगा तथा जिस परिवार में नारी का सम्मान नहीं है उस परिवार में लक्ष्मी के रूप में धन का वास नहीं होता। यह बात गृहमंत्री डाॅ. नरोत्तम मिश्रा रविवार को गहोई धर्मशाला में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत पीसी एवं पीएनडीटी संवेदीकरण कार्यक्रम के दौरान बतौर मुख्य अतिथि कही। कार्यक्रम का शुभारंभ गृहमंत्री ने कन्या पूजन एवं सरस्वती पूजन से किया।
गृहमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहाकि मध्यप्रदेश देश का एक मात्र ऐसा राज्य है जहां शासकीय आयोजनों एवं कार्यक्रमों का शुभारंभ कन्या पूजन से किया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेको योजनाएं संचालित की है। पंचायतों, नगरीय निकायों एवं अन्य क्षेत्रों मंे भी महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदाय कर विभिन्न पदों के माध्यम से समाज में सेवा करने का अवसर प्रदाय किया है।
गृह मंत्री डा. मिश्रा ने विभिन्न योजनाओं के तहत बालिकाओं एवं महिलाओं को लाभान्वित किया। जिसमें प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के 10 प्रकरणों में लाड़ली लक्ष्मी योजना के 10, मेद्यावी छात्रा पुरस्कार योजना के तहत 11 बालिकाओं को चैक वितरित किए। कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला कार्यक्रम अधिकारी अरविन्द उपाध्याय ने आयोजन के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डाला। इस दौरान गृहमंत्री ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओं कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकारों के प्रति जागरूक करने, कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए जागरुक रथ को स्वयं चलाकर रवाना किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि व गणमान्यजन उपस्थित रहे।
वार्ड 31 में सड़क का किया भूमि पूजन
गृहमंत्री ने रविवार को वार्ड क्रमांक 31 में नगर पालिका परिषद् दतिया द्वारा गल्ला मंडी के अंदर से राजीव नगर होते हुए 78.76 लाख की लागत से बनने वाले भांडेर सेवढ़ा वायपास रोड़ तक पेवर ब्लाॅक, सड़क, नाली एवं पुलिया निर्माण का भूमिपूजन किया। निर्माण एजेंसी को उन्होंने निर्देश दिए कि उक्त कार्य समय सीमा में पूरी गुणवत्ता के साथ पूर्ण हों। वहीं गृहमंत्री द्वारा मंडी प्रांगण में 3 करोड़ 91 लाख की लागत से बने 33/11 केव्ही उपकेन्द्र का लोकार्पण भी किया गया। कार्यक्रम में बिजली कंपनी मध्य क्षेत्र प्रबंधक सुधीर शर्मा ने शहर में हो रहे विद्युत संबंधी कार्यो के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

