Datia news : दतिया। हाइवे पर गौवंश को बचाने के चक्कर में एक ट्रक बेकाबू होकर पलट गया। ट्रक पलट जाने से कुछ देर के लिए हाइवे पर वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ। वहीं वाहन के चालक और क्लीनर को किसी तरह ट्रक से बाहर निकाला गया। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया।
रविवार शाम हुए हादसे में ट्रक आगरा से रायपुर आलू भरकर ले जा रहा था। हादसे में चालक और क्लीनर घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और नेशल हाइवे स्टाफ ने क्रेन और जेसीबी बुलाकर रोड पर पलटे पड़े ट्रक को हटवाया। तब जाकर रास्ता चालू हो सका।
जानकारी के मुताबिक ट्रक चालक आगरा निवासी आजाद खान पुत्र राशिद अपने साथी अमित ठाकुर के साथ ट्रक क्रमांक आरजे 11 जीसी 2885 में आलू भरकर आगरा से रायपुर ले जा रहा था।
दतिया में झांसी चुंगी पुल पर ट्रक के सामने अचानक गाय आ जाने से चालक वाहन से संतुलन खो बैठा और ट्रक अनियंत्रतत होकर पलट गया। आसपास के लोगों ने 108 एम्बुलेंस को घटना की खबर दी। जिसके बाद घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
महिला ने फांसी लगाकर दी जान : भांडेर में एक विवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना शनिवार शाम की बताई जाती है। पुलिस ने रविवार को मृतका का पीएम कराया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रुचि यादव पत्नी बृजभान यादव निवासी लहार रोड भांडेर ने फांसी लगाकर जान दे दी। बताया जाता है कि महिला का अपने पति से तलाक का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। महिला अपने पिता के यहां भांडेर में निवास कर रही थी।
घटना के समय महिला घर पर अकेली थी। जब शाम को महिला का पिता घर लौटा तब घटना का खुलासा हुआ।


