Datia News : दतिया । पति-पत्नी का विवाद कभी कभार एक दूसरे की जान का दुश्मन भी बन जाता है। ऐसा ही एक मामला जिगना थाना क्षेत्र में सामने आया। ग्राम जिगना में पति-पत्नी का विवाद इस नौबत तक पहुंच गया कि पत्नी ने पहले अपने पति को खाने में जहर मिलाकर खिला दिया और उसके बाद खुद भी जहर खा गई।
हालत बिगड़ने पर दोनों को आसपास के लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका उपचार जारी है। पड़ौसियों के मुताबिक पति पत्नी में आपसी विवाद हुआ था। जिससे नाराज होकर पत्नी ने जानलेवा कदम उठा लिया।
ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी महिला एक दिन पहले आत्महत्या करने के लिए घर के पास बने एक कुएं में कूद गई थी। जिसे ग्रामीणों ने किसी तरह सुरक्षित बाहर निकला लिया था। लेकिन उसके अगले ही दिन उसने फिर से जान देने की कोशिश कर डाली।
घटना के संबंध में आनंद अहिरवार ने बताया कि मंगलवार शाम पांच बजे जब वह घर खाना खाने पहुंचा तो महिला ने उसे खाना खिला दिया। खाना खाने के कुछ ही समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद उसकी पत्नी भी चक्कर खाकर गिर पड़ी। जब उसने आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया तो लोग पहुंचे और उन दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
जहां चिकित्सकों ने बताया कि पति-पत्नी दोनों ने जहर का सेवन कर लिया है। आनंद अहिरवार मजदूरी करता है। उसकी शादी 5 वर्ष पूर्व दतिया निवासी संध्या अहिरवार के साथ हुई थी। दोनों के दो लड़की और एक लड़का भी है।
पिछले कुछ दिनों से दोनों पति-पत्नी के बीच किसी न किसी बात को लेकर विवाद होते रहे। इससे गुस्सा होकर संध्या ने यह आत्मघाती कदम उठाया। फिलहाल दोनों पति-पत्नी की हालत खतरे से बाहर है।