दतिया। शहर में काम दिलाने के बहाने एक महिला के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता ने कोतवाली पुलिस को शिकायत देकर एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि आरोपी ने घटना के बाद उसे किसी को बताने और पुलिस में जाने पर जान से मारने की धमकी दी।
आर्थिक परेशानी के चलते तलाश रही थी काम : पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, 25 वर्षीय महिला आर्थिक दिक्कतों के कारण रोजगार की तलाश में थी। इसी दौरान उसके परिचित के माध्यम से उसे नया फिल्टर इलाके में रहने वाले प्रहलाद यादव के घर खाना बनाने का काम मिला। महिला के अनुसार, उसने 19 अगस्त से वहां काम करना शुरू किया था।
घर पर अकेले होने का उठाया फायदा : महिला ने आरोप लगाया कि 22 अगस्त की सुबह वह आरोपी के घर पहुंची थी। करीब 8:30 बजे घर में उसके अकेले होने का फायदा उठाकर प्रहलाद यादव ने उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला का यह भी आरोप है कि आरोपी ने घटना का खुलासा करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
पति को बताई पूरी घटना : पीड़िता के मुताबिक, घटना के बाद उसने अपने पति को इसकी जानकारी दी। परिवार में चर्चा के बाद सोमवार को वह एक परिचित के साथ कोतवाली थाने पहुंची और पुलिस को लिखित शिकायत दी।
पुलिस जांच में जुटी : कोतवाली थाना प्रभारी दिनेश राजपूत के अनुसार, महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

