गला दबाकर महिला की हत्या की : चिरुला पुलिस ने पकड़े आरोपित, घटना के बाद से थे फरार

Datia news : दतिया । चिरुला थाना क्षेत्र के ग्राम भागौर निवासी महिला रजनी यादव की संदिग्ध अवस्था में हुई मौत की पहेली को पुलिस ने सुलझाते हुए हत्या का मामला दर्ज किया था। इस मामले में मर्ग की जांच के दौरान पुलिस के सामने तथ्य आए कि महिला के पति और उसके अन्य स्वजन ने मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या की थी।

इन तथ्यों के आधार पर ससुरालीजन के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया गया था। इस प्रकरण में जहां घटना के कुछ दिन बाद ही पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।

वहीं जेठ जेठानी और अन्य को भी पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस मामले में मृतका के पिता ज्ञानसिंह यादव ने भी ससुरालीजन पर बेटी को मारने का बयान दिया था।

चिरुला पुलिस ने फरार इनामी आरोपितों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी वैभव गुप्ता ने बताया कि हत्या के मामले में फरार पांच-पांच हजार के इनामी हुकुम सिंह यादव, भूरी यादव, सपना यादव निवासी भागौर को गिरफ्तार किया गया है। गत 24 सितंबर को ग्राम भागौर में एक महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी।

जिस पर से थाना चिरूला में मर्ग कायम कर जांच में लिया गया। जांच के दौरान मृतिका के पति व स्वजन आरोपित पाए गए। जिस पर जयप्रकाश यादव, हुकुम सिंह यादव, भूरी यादव, सपना यादव निवासी भागौर के विरूद्ध धारा 302 के तहत मामला कायम किया गया।

उक्त आरोपिताें में से जयप्रकाश यादव को 26 सितंबर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। वहीं फरार आरोपितों पर पांच-पांच हजार का इनाम घोषित किया गया था।

उक्त इनामी आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी चिरुला वैभव गुप्ता, सउनि महेश नागर, आरक्षक अमित यादव, पंकज उदैनिया की भूमिका रही ।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter